फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: दो ट्रकों में भिड़ंत के बाद पीछे से भिड़ी निजी बस, दो की मौत

विज्ञापन
पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे पर गजरौला क्षेत्र में हुए हादसे के बाद ​क्षतिग्रस्त खड़े ट्रक। संवाद 
विज्ञापन
गजरौला (पीलीभीत)। पीलीभीत-पूरनपुर नेशनल हाईवे पर गजरौला क्षेत्र में सोमवार सुबह दो ट्रकों में आमने-सामने भिड़ंत के बाद पीछे से आई निजी भी टकरा गई। हादसे में दोनों ट्रकों के चालकों की मौत हो गई, जबकि बस चालक समेत छह लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। क्रेन की मदद से मृतकों के शवों को बाहर निकाला गया। दोनों की शिनाख्त हो गई है।
विज्ञापन

हादसा सोमवार सुबह करीब छह बजे पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे पर गजरौला क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास हुआ। धान से भरे ट्रक की गत्ते से भरे दूसरे ट्रक से भिड़ंत हो गई। इसके दस मिनट बाद पीलीभीत की ओर से आ रही निजी बस भी ट्रक से जा टकराई। हादसे में दोनों ट्रकों के चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बस के चालक गोरखपुर निवासी बह्मदेव यादव समेत छह लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना के बाद गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद बस में सवार घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया। हादसे के बाद दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। चालकों को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों के शवों को मोर्चरी में भिजवाया।
विज्ञापन

दोनों ट्रक चालकों की पहचान पुलिस ने हरियाणा के अंबाला क्षेत्र के थाना बड़ा के ग्राम रजौली निवासी मुकेश (25) पुत्र शेर सिंह व बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के मुड़ना गांव निवासी अजय (40) पुत्र मेघनाद के रूप में की। दोनों के परिजनों को पुलिस ने सूचना दे दी है। घटना के बाद हाईवे पर करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा।
सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया वाहनों की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है। जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं। मृतकों की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी गई है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद यात्रियों में मची भगदड़
पीलीभीत। पीलीभीत-पूरनपुर नेशनल हाईवे पर गजरौला क्षेत्र में दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद पीछे से आई बस के टकराने से यात्रियों में भगदड़ मच गई। चीख-पुकार के बीच यात्री बस से बाहर निकले और साथ के लोगों को सकुशल देख राहत महसूस की। यात्रियों का कहना है कि हादसा कोहरे की वजह से हुआ।
बस में सवार यात्रियों का कहना है कि वे रविवार शाम चार बजे लुधियाना से बस में सवार होकर यूपी के सिद्धार्थनगर जा रहे थे। बस में करीब 30 से अधिक यात्री थे। तड़के कोहरा होने की वजह से चालक बस को नियंत्रित गति से चला रहा था। इस दौरान अचानक जोरदार आवाज आई और हादसा हो गया।
इसके बाद बस में भगदड़ मच गई। शोर-शराबे के साथ यात्री बस से बाहर निकालने की जुगत में जुट गए। यात्रियों ने अपने साथ वालों का हाल जाना, सबके कुशल होने पर राहत महसूस की। हालांकि हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सिद्धार्थनगर के संतोष पाठक, राजू गुप्ता, लालजीत, अजय और संतोष को भी चोटें आई। इन्हें एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने जरूरी उपचार किया।


तीन घंटे तक हाइवे पर लगा रहा लंबा जाम
हादसे के बाद हाईवे पर दोनों और वाहनों की कतार लग गई। करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा। इसके चलते घायलों को अस्पताल तक ले जाने में एंबुलेंस चालक को भी मशक्कत करना पड़ी।



क्रेन से हटवाए गए दुर्घटनाग्रस्त वाहन
हादसे की सूचना के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद क्रेन को मौके पर बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद क्रेन ने पहले दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रकों को किनारे किया। इसके बाद बस को भी हाईवे के किनारे लगाया गया। इसके बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।

00000000
शादी समारोह से लौट रहे ग्रामीण की वाहन की चपेट में आने से जान गई



पूरनपुर। शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे मोहल्ला बमनपुरी निवासी बाबूराम (55) की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। सीएचसी लाने पर ग्रामीण को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बाबूराम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।



घटना रविवार देरशाम पीलीभीत रोड पर हुई। स्वास्थ्य विभाग में तैनात एक कर्मचारी की बहन की शादी असम हाईवे पर खमरिया तिराहा स्थित एक बरातघर में थी। बाबूराम भी शादी समारोह में शामिल होने के बाद पैदल घर लौट रहे थे। पीलीभीत रोड पर उनको किसी अज्ञात वाहन ने चपेट में ले लिया। सूचना पर कुछ लोग बाबूराम को सीएचसी लाए। चिकित्सक ने उनको मृत घोषित कर दिया। कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि बाबूराम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर अगली कार्रवाई कराई जाएगी। संवाद
00000000
पुलिस वाहन की चपेट में आने से महिला घायल

बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली के गांव पैनिया रामकिशन में सोमवार को दोपहर में पुलिस के वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
थाना गजरौला क्षेत्र के गांव अमखेड़ा वाहनपुर निवासी मलखान सोमवार को दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव पैनिया हिम्मत से बाइक से गुजर रहे थे। बाइक पर उनके परिवार की अंजना देवी भी थीं। उच्च प्राथमिक विद्यालय के पास पीछे से आ रही पुलिस के वाहन की चपेट में आकर अंजना घायल हो गईं। अंजना का एक पैर टूट गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। घर वाले जिला अस्पताल ले जाने की बजाय महिला को पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में ले गए। बताया जाता है कि पुलिस के एक जिम्मेदार अधिकारी ने अस्पताल में जाकर घायल का हाल जाना और इलाज में आने वाला खर्चा देने का आश्वासन दिया। इस बाबत सीओ डॉ. प्रतीक दहिया ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। संवाद

पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे पर गजरौला क्षेत्र में हुए हादसे के बाद क्षतिग्रस्त खड़े ट्रक। संवाद 

पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे पर गजरौला क्षेत्र में हुए हादसे के बाद क्षतिग्रस्त खड़े ट्रक। संवाद 

पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे पर गजरौला क्षेत्र में हुए हादसे के बाद क्षतिग्रस्त खड़े ट्रक। संवाद 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें