सुप्रीम कोर्ट द्वारा मंगलवार को शिक्षामित्रों के समायोजन मामले को सुनाए गए फैसले के बाद शिक्षामित्र से शिक्षक पद पर समयोजित हुए जिले के 1644 समायोजित शिक्षकों ने राहत की सांस ली है। सुप्रीम कोर्ट ने इन सभी को दो साल की राहत दी है। इन दो सालों में इन्हें टीईटी करने के दो मौके दिए जाएंगे। इधर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद मुरझाए समायोजित शिक्षकों के चेहरों पर खुशी देखी गई।
अब तक 1854 शिक्षामित्रों की हुई भर्ती
जिले में जिला प्राथमिक शिक्षक कार्यक्रम के तहत वर्ष 2001 में बतौर संविदा शिक्षामित्रों की तैनाती की गई थी। वर्ष 2001-02 में सर्व शिक्षा अभियान शुरू होने के बाद इन शिक्षामित्रों को इससे संबद्ध कर दिया गया। वर्ष 2009 में नगरक्षेत्र में शिक्षामित्रों की भर्ती की गई थी। अब तक जिले में कुल 1854 शिक्षामित्रों की भर्ती की जा चुकी है।
1644 शिक्षामित्र हो चुके हैं समयोजित
इसमें समायोजन प्रक्रिया के तहत अब तक दो चरणों में 1644 शिक्षामित्र सहायक अध्यापक पद पर समायोजित किए जा चुके हैं। इधर वर्ष 2015 सितंबर में हाईकोर्ट ने शिक्षामित्रों का सहायक अध्यापक के तौर पर समायोजन निरस्त कर दिया था। जिससे समायोजित शिक्षकों में हड़कंप मच गया था। इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई। सुप्रीम कोर्ट में चली सुनवाई के बाद मंगलवार को सुनाए गए फैसले के बाद जिले के 1644 समायोजित शिक्षकों ने राहत की सांस ली है।
204 शिक्षामित्र अधर में फंसे
बीटीसी प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके प्रथम और द्वितीय बैच के शिक्षामित्रों तो शिक्षक बन गए, लेकिन हाईकोर्ट द्वारा शिक्षामित्रों के दूरस्थ शिक्षा प्रशिक्षण को असंवैधानिक करार देने के फैसले के बाद शिक्षक बनने की लाइन में लगे तृतीय बैच के 204 शिक्षामित्रों के सपनों को अभी भी ग्रहण लगा हुआ है। हालांकि इनके बारे में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
समायोजन मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा सुनाया गया फैसला समायोजित शिक्षकों के लिए हितकारी है। इस मामले में राज्य सरकार को भी निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार कितना वेटेज देती है, यह उस पर निर्भर करता है।
- महेंद्रपाल वर्मा, जिलाअध्यक्ष, आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन
सुप्रीम कोर्ट को फैसला स्वागत योग्य है। शिक्षामित्र से शिक्षक बने समायोजित शिक्षकों को दो मौक दिए गए हैं। अभी तक जो समायोजन रद्द करने की बात चली आ रही थी, उससे सभी को निजात मिली है।
- अमरजीत, जिलाध्यक्ष, संयुक्त सक्रिय टीम
- वर्ष 2001 में इंटरमीडिएट शिक्षामित्र संविदा पर नियुक्त
- 2009 में नगरीय क्षेत्रों में की गई नियुक्तियां
- कुल 1854 शिक्षामित्रों की दी गई नियुक्तियां
- 1644 शिक्षामित्र हो चुके हैं समायोजित