बरखेड़ा। पेड़ पर फंदे से लटके मिले युवक के शव के मामले में उसके पिता ने आत्महत्या मानने से इन्कार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है।
मंगलवार को प्रदीप कुमार (25 ) का शव गांव गाजीपुर मुगल के पास एक खेत में पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। प्रदीप के पिता माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव बंगला उर्फ मित्रसेनपुर निवासी जमुना प्रसाद ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र में पिता ने दावा किया कि पुत्र ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर शव पेड़ पर फंदे से लटकाया गया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
प्रदीप का एक युवती के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिता ने आरोप लगाया है कि इसी कारण युवती, उसके पिता, माता और कुछ अन्य लोगों ने मिलकर उनके पुत्र की हत्या की है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। वहीं, थानाध्यक्ष प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि अभी पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद