पीलीभीत। स्मार्ट प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड मीटर से जोड़े जाने का काम शुरू हो गया है। जल्द ही जिले के सभी उपभोक्ताओं को मोबाइल नंबर पर बिजली बिल मिलना शुरू हो जाएगा। इसको लेकर मुख्यालय से काम शुरू कर दिया गया है।
जिले में करीब 3.50 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इसमें शहर में करीब 67 हजार उपभोक्ता है। रिवैंप योजना के अंतर्गत जिले में स्मार्ट मीटर लगाए गए। ऐसे में जिले के करीब 1.30 लाख उपभोक्ताओं को स्मार्ट प्रीपेड मीटर से जोड़ा गया था। स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शन के बाद शासन स्तर से राहत दी गई। पहले की तरह उपभोक्ताओं के बिलों को निकाला जाएगा। हालांकि शासन स्तर से इसमें भी कुछ बदलाव किया गया है। अब उपभोक्ताओं के व्हाट्सएप नंबर पर 1 से 10 तारीख के बीच बिजली का बिल भेजा जाएगा। शासन से हुए बदलाव के बाद जिले के उपभोक्ताओं का मोबाइल नंबर अपडेट करते हुए उनके बिजली मीटर को पोस्टपेड में बदला जा रहा है।
विभागीय अफसर के मुताबिक लगभग 20 से 30 प्रतिशत उपभोक्ताओं के प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड से कनेक्ट किया जा चुका है। जल्द अन्य उपभोक्ताओं की मीटरों को भी पोस्टपेड से जोड़ दिया जाएगा। एक्सईएन आशीष यादव ने बताया है कि यह प्रक्रिया शासन स्तर से हो रही है। कुछ उपभोक्ताओं के मीटर पोस्टपेड से कनेक्ट किया जा चुके हैं। शेष बचे उपभोक्ताओं को भी जल्द पोस्टपेड से कनेक्ट कर दिया जाएगा। संवाद