न्यूरिया। क्षेत्र के गांव पंडरी गांव में पांच माह की गर्भवती महिला ने घर में घुसकर मारपीट करने और पेट में लात मारने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी प्रेमवती बताया कि 11 अक्तूबर को सुबह करीब 11 बजे उनकी तबीयत खराब थी और वह कमरे में लेटी थीं। गांव का अमन उनके घर में घुस आया। उसे पकड़ने पर वह शोर मचाने लगा। आवाज सुनकर उनकी मां भी मौके पर पहुंच गईं। प्रेमवती के मुताबिक, इसके बाद अमन के पिता गंगाराम, सीताराम और शशि भी घर में आ गए।
आरोप है कि चारों ने उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे वह गिर गईं। पांच माह की गर्भवती होने के बावजूद उनके पेट में भी लातें मारी गईं। इसके बाद हत्या की धमकी देते हुए भाग गए। सीओ नताशा गोयल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए है। संवाद