पीलीभीत। माधोटांडा रोड पर देवीपुरा गांव के पास अकीदतमंदों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक समेत 18 लोग घायल हो गए। सभी बरखेड़ा से सेल्ह बाबा के उर्स में जाने को निकले थे। घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व से सटे सेल्हा गांव में सेल्हा बाबा का उर्स चल रहा है। इसमें शामिल होने के लिए सोमवार दोपहर 12 बजे बरखेड़ा थाना क्षेत्र के बहादुरपुर हुक्मी गांव के 18 लोग ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर रवाना हुए थे। ट्रैक्टर गांव का ही मुकेश (40) चला रहा था। उसने बताया कि माधोटांडा रोड पर देवीपुरा गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक मुकेश, यासमीन (40) पत्नी अनीस, पुत्री अमरीन (12), आसिया (8), ईशा (5), नदीम (18) पुत्र शाहिद हुसैन, फारूल (18) पुत्र मुनीष अहमद, उसकी बहन नेहा (18), भाई यूनुस (25), नन्ही बेगम (35) पत्नी नन्हे बाबू, उनकी बेटी हसनी (18), अनीस (33) पुत्र छोटे बख्श, शबाना (30) पत्नी अच्छन मियां, उनकी बेटी खुशी (6), माहिरा (8), रूकसार (25) पत्नी नाजिम, शबाना (22), समीरा (15) पुत्री गुड्डू घायल हुए। हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ लग गई। इसकी सूचना मिलने पर सुनगढ़ी, कोतवाली और गजरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आनन-फानन में घायलों को निजी वाहनों से जिला अस्पताल भर्ती कराया। यहां हादसे की पहले से सूचना होने पर सीएमएस डॉ. रतनपाल सिंह सुमन पहले से अलर्ट थे। उन्होंने चिकित्सीय टीम के साथ मरीजों को भर्ती कर इलाज कराया। सीएमएस ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। सभी की हालत खतरे से बाहर है।