पीलीभीत। वैक्सीन की डोज लगवाने के बाद बुजुर्ग समेत जनपद में चार कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमितों को ट्रेस किया। इसमें वैक्सीन लगवाने वाले बुजुर्ग का दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। तीन संक्रमितों को होम आइसोलेट किया है। इनके संपर्क में आने वाले लोगों को ट्रेस कर उनकी सैंपलिंग कराने को टीम लगाई है।
शहर के मोहल्ला खकरा के रहने वाले 62 वर्षीय एक बुजुर्ग ने तीसरे चरण के टीकाकरण के दौरान 22 मार्च को आयुर्वेदिक कॉलेज में कोविशील्ड वैक्सीन की पहली डोज लगवाई थी। होली बाद उनकी तबीयत बिगड़ना शुरू हो गई। इस पर परिवार वालों ने वायरल और टाइफायड की जांच कराई, लेकिन वह स्वस्थ निकले। इसके बाद भी तीन अप्रैल को पुराने जिला अस्पताल में पहुंचकर उन्होंने एंटीजन किट से कोरोना की जांच कराई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद परिवार वाले उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां अस्पताल प्रशासन ने उनकी आरटीपीसीआर से जांच कराई। तो जांच रिपोर्ट निगेटिव निकली है। इसके अलावा बरेली आईवीआरआई लैब से आई जांच रिपोर्ट मेें पूरनपुर के भगवंतापुर, शहर से सटे चंदोई गांव और शहर के एक मोहल्ले में एक-एक कोरोना संक्रमित निकला है। रिपोर्ट आने के बाद संक्रमितों को ट्रेस कर होम आइसोलेट कर दिया है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि एंटीजन किट से वायरल लोड अधिक होने पर पॉजिटिव आता है। फिलहाल बुजुर्ग का दिल्ली में इलाज चल रहा है। जबकि तीन संक्रमितों को होम आइसोलेट किया है। इनके संपर्क में आने वाले लोगों को ट्रेस कर सैंपलिंग की जा रही है।