गजरौला। ट्रक की टक्कर से माधोटांडा रोड पर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भिजवाया। तहरीर मिलने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था।
क्षेत्र के गांव कल्यानुपर निवासी 30 वर्षीय बंटी सक्सेना पुत्र सुशील सक्सेना की गांव में पंक्चर की दुकान है। रविवार रात आठ बजे वह शहर से सामान लेकर बाइक से घर लौट रहा था। माधोटांडा मार्ग पर गुर्ज गौंटिया गांव के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बंटी की मौत हो गई। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिवार वालों को बुलाया। परिजन से मिली तहरीर पर ट्रक चालक विजय कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर जयप्रकाश ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।