बिलसंडा। मजदूरी कर साइकिल से लौट रहे ग्रामीण को ट्रैक्टर ट्रॉली ने पीछे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिवार उसे सीएचसी लेकर पहुंचे, हालत गंभीर बताए जाने पर जिला अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया।
थाना क्षेत्र के गांव टेढ़ा श्री राम निवासी 50 वर्षीय मेवाराम शनिवार देर रात आठ बजे बीसलपुर से मजदूरी कर वापस अपने घर आ रहे थे। बिलसंडा-बीसलपुर मार्ग पर केंचुआ पुलिया के समीप पीछे से तेज रफ्तार आ रही खाली ट्रैक्टर ट्रॉली ने साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर मौके से भाग गया। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिवार वाले घायल को बिलसंडा सीएचसी लेकर पहुंचे। घटना के बाद पुलिस भी पहुंच गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताकर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते वक्त घायल बुजुर्ग की रास्ते में ही मौत हो गई। इंस्पेक्टर विरजाराम ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी