जराकोठी (पीलीभीत)। असम हाईवे पर पचपेड़ा गढ़ा मोड़ पर बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत हो गई। चालक को पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया। भाई की तहरीर पर अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
गजरौला थाना क्षेत्र के पचपेड़ा गढ़ा गांव के निवासी 50 वर्षीय सुखदेव सिंह पुत्र साहब सिंह खेती करते थे। शनिवार दोपहर 12:30 बजे वह जराकोठी से जिंक का कट्टा लेकर बाइक से वापस घर के लिए निकले। असम हाईवे पर गांव के बाहर मोड़ पर पहुंचते ही बोलेरो ने टक्कर मार दी। इसमें सुखदेव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया। आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल भिजवाया गया, वहां उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में चीख पुकार मच गई है। पत्नी सुखविंदर कौर का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक के दो बेटे गुरजीत सिंह, गुरतेज सिंह और विवाहित बेटी गुरजीत कौर है। इंस्पेक्टर जेपी सिंह ने बताया कि मृतक के भाई लखविंदर सिंह से मिली तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।