पीलीभीत। परिषदीय, माध्यमिक और निजी स्कूलों में पंजीकृत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने के लिए स्कूलों में अब प्रत्येक सप्ताह दो दिन अपार मेला लगेगा। पंजीकृत बच्चों की प्राथमिकता से अपार आईडी बनाकर अपार लक्ष्य हासिल करने के निर्देश जारी हुए हैं। परिषदीय स्कूलों के बच्चों की आईडी बनाने में प्रदेश में जिला शीर्ष है। ओवरऑल दूसरा स्थान है। परिषदीय, माध्यमिक और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा एक से 12 तक के विद्यार्थियों का शैक्षिक विवरण और अन्य जानकारियां दर्ज करने के लिए अपार आईडी बनाई जा रही है। अपार आईडी बन जाने से कई स्कूलों में पंजीकरण का खेल भी सामने आएगा। विद्यार्थियों को भी सुविधा रहेगी।
अपार आईडी बनाने का कार्य प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अब प्रत्येक सप्ताह बृहस्पतिवार और शुक्रवार को स्कूलों में अपार मेला लगाया जाएगा। मेला लगाकर अभिभावकों को जागरूक करने और अपार आईडी बनाई जाएगी। निर्देश आने के बाद विभाग शत प्रतिशत अपार आईडी बनाने का लक्ष्य हासिल करने में जुट गया है।
3.55 लाख विद्यार्थियों की बनेगी आईडी
जिले में बेसिक, माध्यमिक और निजी स्कूलों में कक्षा एक से 12 तक के करीब 3.55 लाख विद्यार्थियों का पंजीकरण है। इसमें दो लाख से अधिक विद्यार्थियों की अपार आईडी बन चुकी है, जो लक्ष्य का करीब 60 फीसदी है। बात अगर परिषदीय स्कूलों में पंजीकृत बच्चों की अपार आईडी बनाने की करें तो पीलीभीत प्रदेश में पहले स्थान पर है। परिषदीय, माध्यमिक और निजी स्कूलों में पंजीकृत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने में प्रदेश में जिले का दूसरा स्थान है। पहले स्थान पर बहराइच है।