पीलीभीत। पुलिस लाइन में इस बार गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बिना स्क्रीनिंग किसी को गणतंत्र दिवस समारोह में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मुठभेड़ में तीन खालिस्तानी आतंकियों के मारे जाने की घटना के बाद दी गई धमकी को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
पूरनपुर क्षेत्र में 23 दिसंबर को पीलीभीत और पंजाब पुलिस की संयुक्त मुठभेड़ में ग्रेनेड फेंकने के आरोपी तीन खालिस्तानी आतंकियों को मार गिराया गया था। आतंकियों के मारे जाने के बाद खालिस्तानी समर्थक गुरपतवंत सिंह उर्फ पन्नू ने वीडियो जारी कर पीलीभीत पुलिस को भी धमकी दी थी। पुलिस ने मामले में साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसको लेकर गणतंत्र दिवस समारोह में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए पुलिस लाइन गेट पर दो डोर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। इसके अलावा हैंड मेटल डिटेक्टर से भी स्क्रीनिंग की जाएगी।
परेड में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति को मेटल डिटेक्टर से स्क्रीनिंग कर गुजरना होगा। इसको लेकर एसपी अविनाश पांडेय ने जरूरी निर्देश दिए हैं। एसपी ने बताया कि परेड समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रहेगी।
000
बॉर्डर क्षेत्र में भी बढ़ाई सतर्कता
पीलीभीत। गणतंत्र दिवस को लेकर शहर के अलावा नेपाल और उत्तराखंड सीमा पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। शहर में पुलिस ने रेलवे स्टेशन, रोडवेज स्टैंड के अलावा होटलों में भी चेकिंग कर स्थिति को परखा। इसके अलावा नेपाल सीमा पर माधोटांडा और हजारा पुलिस ने एसएसबी के साथ गश्त कर स्थिति पर नजर रखना शुरू कर दिया गया। उत्तराखंड की सीमा पर भी पुलिस की टीम निगरानी में जुटी हैं। सीमा से सटे जंगल क्षेत्र में भी पीटीआर की टीमों ने निगरानी बढ़ा दी है। संवाद
000
परेड की तैयारियां पूरी, 30 पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित
पीलीभीत। पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियां पूरी हो गई हैं। रविवार को सुबह 10 बजे मुख्य परेड होगी। इसमें राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान बेहतर कार्य करने वाले 30 पुलिसकर्मियों को अतिथि प्रशस्तिपत्र और मेडल देकर सम्मानित करेंगे। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। संवाद