पीलीभीत। मोहल्ला सुनगढ़ी निवासी युवक से रास्ते में मिला थैला लौटाने पर इनाम देने के बहाने बाइक से ले जाकर मारपीट की गई। आरोप है कि सिर पर हथौड़ा मारकर उसे घायल कर दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला सुनगढ़ी निवासी दया शंकर ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि दो अगस्त की रात वह गांधी स्टेडियम मार्ग की एक कॉलोनी गेट के पास चाय की दुकान पर खड़ा था। इस दौरान उसे वहां एक थैला पड़ा मिला। इसमें मोबाइल और 200 रुपये थे। उसने मोबाइल उठाकर इंतजार किया। थोड़ी देर बाद उसी फोन पर किसी का कॉल आया।
कॉलर को उसने थैला लौटाने के लिए अशोक कॉलोनी बुला लिया। कुछ देर बाद तस्लीम नाम का युवक वहां पहुंचा और थैले में 1000 रुपये होने का दावा करते हुए बहस करने लगा। चाय दुकानदार से भी गाली-गलौज की और दुकान फूंकने की धमकी दी। बाद में तस्लीम इनाम देने के बहाने उसे बाइक से अपने गांव चंदोई ले गया। गांव पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसके सिर पर हथौड़े से हमला कर गंभीर घायल कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद