गजरौला। असम हाईवे पर थाना गजरौला क्षेत्र में कैंच गांव के निकट लोडर की चपेट में आने से साइकिल सवार ग्रामीण की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम सराय सुंदरपुर गांव निवासी सूरजपाल (50) पुत्र तुलाराम साइकिल से खेती के लिए दवा लेने पीलीभीत जा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आ रहे छोटा हाथी (लोडर) ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सूरजपाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी साइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायल सूरजपाल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के भाई सुरेशपाल ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि चालक की लापरवाही से ही यह हादसा हुआ है।
गजरौला थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह ने बताया कि वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे से मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं, यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। कई बाइक चालक बिना हेलमेट के ही गुजरते नजर आते हैं।