पीलीभीत। बीसलपुर मार्ग स्थित जंगरौली पुल के पास रविवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरा। चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली और मौके से भाग गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के बीसलपुर मार्ग पर ग्राम जंगरौली पुल के समीप रविवार रात करीब साढ़े दस बजे एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरा। हादसे के समय ट्रक बीसलपुर की ओर से आ रहा था। अचानक नियंत्रण खोने के बाद वाहन सीधे पुल की रेलिंग से टकराया और उसे क्षतिग्रस्त करते हुए नीचे नदी में जा समाया। हादसे के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि घटना के बाद वह भाग गया।
इस दाैरान हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात प्रभावित हो गया। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। ट्रक को सुरक्षित बाहर निकलवा दिया गया है। संवाद