कलीनगर। जंगल से बाहर निकला बाघ माधोटांडा कस्बे के निकट खारजा नहर के पास पहुंच गया। मार्ग पर अचानक बाघ आ जाने से थाना पुलिस वाहन के पहिए थम गए। कुछ देर मार्ग पर चहलकदमी करने के बाद ढाबे के निकट से होकर नहर मार्ग पर आगे की ओर निकल गया। पुलिसकर्मियों ने राहगीरों को जागरूक किया।
मामला बुधवार रात करीब 11 बजे का है। थाना पुलिस सरकारी वाहन से गश्त कर रही थी। माधोटांडा कस्बे से निकट खारजा नहर के निकट पहुंचते ही अचानक खारजा नहर की झाड़ियों से निकला बाघ मार्ग पर आ गया। बाघ देख वाहन के पहिए थम गए। पीछे से आए अन्य वाहन भी बाघ देख रुक गए। करीब पांच मिनट तक चहलकदमी करने के बाद बाघ पास के ही बब्लू ढाबे के निकट से होकर नहर मार्ग पर आगे की ओर निकल गया। बाघ को आबादी के निकट मार्ग पर देख सुरक्षा के लिहाज से पुलिसकर्मियों ने राहगीरों को भी जागरूक किया। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ अक्सर आबादी के निकट खारजा नहर क्षेत्र में आ जाता है। झाड़ियां होने के चलते बाघ समेत अन्य हिसंब वन्यजीवों को नहर क्षेत्र में छिपाने का मजबूत ठिकाना मिल जाता है। इससे आसपास खेतों में जाने वाले किसानों के लिए हर समय खतरा मंडराता रहता है। रेंजर अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि रेंज के अलावा सामाजिक वानिकी टीम भी खारजा नहर क्षेत्र में गश्त कर निगरानी करती है। टीम को सक्रियता बढ़ाने को कहा गया है। संवाद