पीलीभीत। ग्राम पंचायत स्तर तक बसों के संचालन की कवायद परिवहन विभाग के अफसरों ने तेज कर दी है। शासन से आदेश जारी होने के बाद जिले के इन मार्गों का सर्वे शुरू कराया गया है। ग्राम पंचायतों के अलावा जिले में कई प्रमुख मार्गों पर भी रोडवेज की सेवा नहीं है।
स्थानीय डिपो से करीब 113 बसों का संचालन किया जा रहा है। इसमें सबसे अधिक बसों का संचालन दिल्ली मार्ग पर किया जा रहा है। इसके साथ ही कानपुर, अलीगढ़, रुद्रपुर, हल्द्वानी, लखनऊ, आगरा सहित अन्य शहरों के लिए बसें संचालित हो रही है। इन शहरों में काम करने जाने वाले लोगों को यहां से पीलीभीत तक का सफर तो रोडवेज की बसों से हो जाता है, लेकिन पीलीभीत से स्थानीय मार्गों पर जाने के लिए इन लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में लोग डग्गामार वाहनों का सहारा लेकर घर को पहुंचते है। वहीं अब शासन ने आदेश जारी किया है कि निजी बस संचालकों से परमिट देकर छोटी बसों का संचालन ग्राम पंचायत स्तर पर भी कराया जाए। इससे यहां से मुख्यालय आने वाले लोगों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो। शासन से आदेश के बाद अफसरों ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि स्थानीय मार्गों का चयन किया जा रहा है। साथ ही निजी बस संचालकों से भी वार्ता की जा रही है।