विकास कार्यों में लापरवाही बरतने पर सीडीओ ने बीसलपुर के एक ग्राम पंचायत अधिकारी को सस्पेंड कर दिया है जबकि बीसलपुर व बिलसंडा बीडीओ को चेतावनी जारी की है। वहीं दूसरी ओर बरखेड़ा में काम संतोषजनक मिलने पर बीडीओ की सराहना की है।
मुख्य विकास अधिकारी इंद्रदेव द्विवेदी ने उपायुक्त मनरेगा डीसी मनरेगा डॉ. शिवाकांत द्विवेदी के साथ बीसलपुर, बरखेड़ा और बिलसंडा ब्लाक कार्यों का निरीक्षण किया। इसमें बरखेड़ा ब्लाक की स्थिति संतोषजनक पाई गई। इसपर उन्होंने बरखेड़ा बीडीओ ऋषि पाल सिंह की सराहना की।
बीसलपुर में इंदिरा आवासों के चयन और आवंटन में गड़बड़ी पाई गई। इस बावत संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी अनिल कुमार को सस्पेंड कर दिया साथ ही बीडीओ पीके श्रीवास्तव को चेतावनी जारी कर जवाब तलब किया है। बीसलपुर के बाद बिलसंडा पहुंचने पर भी सीडीओ को विकास कार्यों में लापरवाही मिली।
अभिलेखों का रख रखाव ठीक न होने एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की सही जानकारी न देने पर बीडीओ बिलसंडा डॉ. विवेकानंद गंगवार को भी चेतावनी जारी की गई है। सीडीओ ने बताया कि शासन के प्राथमिक कार्यों में गड़बड़ी अथवा लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।