प्रेमी पर परिजन के साथ मिलकर मारपीट कर भगाने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। प्रेम-प्रसंग के चलते युवती अपने प्रेमी के घर जा पहुंची। प्रेमी से ही शादी करने की जिद की। प्रेमी और परिजनों ने उसे घर से भगा दिया। युवती की बहन ने पुलिस को तहरीर देकर बहन के तीन महीने की गर्भवती होने और युवक के मारपीट कर घर से भगाने का आरोप लगाया है।
सेहरामऊ उत्तरी थाने के एक गांव निवासी युवती का गांव के ही युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। उसके परिजन और प्रेमी शादी करने को भी तैयार है। प्रेम-प्रसंग में युवती रविवार की रात प्रेमी के घर जा पहुंची। प्रेमी के परिजनों ने उसे जाने को कहा तो शादी करने की जिद पर अड़ गई। आरोप है कि बाद में प्रेमी के परिजनों ने उसे जबरन घर से भगा दिया।
मामले में युवती की बहन ने पुलिस को तहरीर दी है। बताया कि उसकी बहन तीन महीने की गर्भवती है। आरोप है कि प्रेमी ने शादी के लिए उसे घर बुलाया था। बाद में परिजन के साथ मिलकर मारपीट की और उसकी घर से भगा दिया। सेहरामऊ उत्तरी थाना के एसआई मनफूल सिंह ने बताया कि युवती की बहन ने पहले अपनी बहन के प्रेमी और उसके परिजन के खिलाफ तहरीर दी। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए आधार कार्ड मांगने पर मुकदमा दर्ज कराने से मना कर दिया।