पीलीभीत। टनकपुर हाईवे पर थाना न्यूरिया क्षेत्र के टांडा विजेसी गांव के पास सोमवार देर शाम चार युवकों ने बाइक सवार व्यापारी को निशाना बनाया। वे लोग 1.90 लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन के नौ पावर बैंक से भरा बैग लूट लिया। न्यूरिया पुलिस ने मौका मुआयना करके रिपोर्ट दर्ज की है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की भी जा रही है। युवकों की पहचान के लिए टीम गठित की गई है।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव पिपरा भगु निवासी जितेंद्र कुमार ने न्यूरिया पुलिस को बताया कि वह शहर के सेंट्रल मार्केट में मोबाइल एसेसरीज की दुकान के संचालक हैं। उनके परिचित शुभम ने खटीमा से 1.90 लाख रुपये लेकर दुकान में जमा करने को कहा था। इस सिलसिले में जितेंद्र सोमवार को खटीमा गए। वहां शाम पांच बजे के करीब पेमेंट लिया। उनके बैग में 1.90 रुपये नकद और मोबाइल फोन के नौ पावर बैंक रखे थे। जितेंद्र शाम 7ः15 बजे बाइक से पीलीभीत के लिए रवाना हो गए।
आरोप है कि टनकपुर हाईवे पर थाना न्यूरिया क्षेत्र के टांडा विजेसी गांव के पास दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने उनको ओवरटेक किया। बाद में जितेंद्र को रोककर उनकी बाइक की चाबी निकाल ली। बैग छीनकर पीलीभीत की ओर भाग गए। जितेंद्र ने अगली सुबह थाने में तहरीर दी।
थाना प्रभारी न्यूरिया एवं प्रशिक्षु सीओ गायत्री ने टीम के साथ मौके मुआयना किया। अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ सदर ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही हैं। लुटेरों की पहचान के लिए टीम भी गठित की गई है। लुटेरों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।