माधोटांडा। खराब बिजली सप्लाई के विरोध में किसानों ने विद्युुत उपकेंद्र पहुंचकर एसडीओ के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। गुस्साए किसानों ने सेलफोन पर वार्ता के दौरान एसडीओ पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। किसानोें के प्रतिनिधि मंडल ने एसडीएम से मिलकर एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसडीएम ने एसडीओ से वार्ता कर समस्या के समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
गांव केसरपुर, उगनपुर, बसंतपुर के तमाम लोग कस्बे के विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे और खराब बिजली सप्लाई को लेकर प्रदर्शन कर हंगामा काटने लगे। किसानों का कहना था कि धान की रोपाई के समय मात्र तीन से चार घंटे बिजली सप्लाई दी जा रही है। जिससे धान की फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही। हंगामा कर रहे किसानों की ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी ने सेलफोन पर एसडीओ से बात कराई। किसान जस्सा सिंह, पूरनसिंह ने बताया कि एसडीओ ने जर्जर लाइनों की वजह से एक दिन छोड़ कर बिजली सप्लाई मिलने की बात कही थी इस पर पिछले दिनों बिजली सप्लाई ठीक मिलने की जानकारी उनको दी गई। आरोप है कि एसडीओ ने सेलफोन पर अभद्रता की और कनेक्शन काट देने की चेतावनी दी।
प्रदर्शनकारियों ने थाने पहुंचकर एसडीओ के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पूरन सिंह के नेतृत्व में किसानों का एक प्रतिनिधि मंडल एसडीएम से मिला। प्रतिनिधि मंडल के लोगों ने बिजली सप्लाई दुरुस्त कराने और अभद्रता पर कार्रवाई की मांग की। एसडीएम डॉ. वैभव शर्मा ने एसडीओ से वार्ता कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
एक दिन छोड़ दी जा रही सप्लाई
एसडीओ रणवीर सिंह यादव ने अभद्रता के आरोप को निराधार बताया है। उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के चलते एक दिन छोड़कर कुछ गांवों में बिजली सप्लाई दी जा रही है। इसकी जानकारी सेलफोन पर वार्ता के दौरान किसानों को दी गई। आरोप है कि तब किसान अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। अभद्रता पर वे थाने गए थे, लेकिन वहां किसान पहले ही पहुंचे चुके थे।
एफआईआर नहीं हुई तो होगा आंदोलन
पूरनपुर। भाकियू के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष मंजीत सिंह का आरोप है कि एसडीओ कई किसानों से अभद्रता कर चुके हैं। इसको लेकर पिछले दिनों उनसे बात भी हुई थी। अब किसानों की ओर से अगर रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई, तो शीघ्र्र पंचायत बुलाकर आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।