पूरनपुर। पीलीभीत से लौट रहे छात्रों के दो गुटों में ट्रेन के अंदर मारपीट हो गई। हंगामा होने की जानकारी होने पर जीआरपी ने पांच छात्रों को हिरासत में ले लिया, लेकिन दोनों पक्षों में समझौता होने पर सभी को छोड़ दिया गया।
कस्बे व क्षेत्र के कई छात्र प्रतिदिन पीलीभीत जाते हैं। मंगलवार को सुबह रूहेलखंड एक्सप्रेस से लौटते समय छात्रों के दो गुटों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर दोनों गुट एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। कुछ देर के झगड़े के बाद एक गुट ने फोन कर अपने साथियों को पूरनपुर स्टेशन पर बुला लिया। इस बीच किसी यात्री ने झगड़े की सूचना जीआरपी चौकी पुलिस को दे दी। इस पर ट्रेन पहुंचने से पहले ही जीआरपी ने स्टेशन को घेर लिया और ट्रेन से उतर रहे झगड़ा करने वाले छात्रों में से पांच को पकड़ लिया। इसको लेकर स्टेशन पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। बाद में दोनों गुटों में समझौता हो गया। पुलिस को लिखित देने पर पकड़े गए पांचों छात्रों को छोड़ दिया गया।
चौकी इंचार्ज राघवेंद्र सिंह ने बताया छात्रों ने अपनी गलती मानते हुए दुबारा न लड़ने का आश्वासन दिया है। समझौता होने पर सभी को छोड़ दिया गया है।
मारपीट में क्रास केस दर्ज
पूरनपुर। बाइक पर बैठने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। दोनों ओर से तहरीर मिलने पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कस्बे के मोहल्ला खानका निवासी हिफाजत ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि रास्ते से निकलने को लेकर मोहल्ले के ही एजाज, इरफान, आसफाक और आजाद ने उसके पुत्रों रिफाकत व सदाकत की पिटाई कर बाइक तोड़ दी। वहीं, एजाज ने दी तहरीर में कहा है रिफाकत, सदाकत और रियासत ने बाइक पर बैठने को लेकर उसके साथ मारपीट की।