पूरनपुर। राष्ट्रपति और राज्यपाल पुरस्कार के लिए शिक्षकों का नाम भेजने के लिए शासन ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत जिले के सभी ब्लॉकों में शिक्षकों की खुली बैठक आयोजित कर तीन अच्छे शिक्षकों (दो प्राइमरी और एक जूनियर हाईस्कूल से)का चयन किया जाएगा। इन्हीं में से दो शिक्षकों का नाम पुरस्कारों के लिए भेजा जाएगा। इसके अलावा स्कूलों के निरीक्षण के लिए जाने के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी बारी-बारी से एक शिक्षक को साथ ले जाएंगे। स्कूलों में खामी पाए जाने पर ये शिक्षक स्कूल में तैनात शिक्षक को जरूरी जानकारी भी देंगे। इस संबंध में पूरनपुर ब्लॉक की खुली बैठक 12 फरवरी को आयोजित की गई है।
प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा ने करीब एक माह पहले वीडियो कांफ्रेंसिंग में अध्यापकों की ब्लॉक मुख्यालय पर खुली बैठक आयोजित कर दो प्राइमरी और एक जूनियर स्कूल के अच्छे शिक्षक के चयन का निर्देश दिया था। राष्ट्रपति और राज्यपाल पुरस्कार के लिए भी इन्हीं तीन में से दो शिक्षकों के नाम आगे बढ़ाने के लिए कहे गए थे। पीलीभीत जिले में शिक्षकों का अब तक चयन नहीं किया जा सका है। इसको लेकर बीएसए ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को ब्लॉकवार शिक्षकों का चयन कर परसों तक सूची देने के निर्देश दिए हैं। उधर, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रामाधार पांडेय ने बताया कि पूरनपुर ब्लॉक की बैठक 12 फरवरी को होगी। उन्होंने बताया कि जिन स्कूलों में शिक्षामित्र या अनुदेशक तैनात हैं। वह स्कूल खोंलेगे। शिक्षक अपरान्ह को बीआरसी कार्यालय में बैठक में पहुंचेंगे।