पीलीभीत। डीएम अदिति सिंह ने सदर तहसील क्षेत्र के गेहूं क्रय केंद्रों पर हो रही खरीद की बुधवार को कैंप कार्यालय पर समीक्षा की। क्रय एजेंसियों के प्रबंधकों को खरीद बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा, खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यूपीएसएस का एक केंद्र पूर्व निर्धारित स्थान पर न खोलने व खरीद शून्य होने पर प्रबंधक का जवाब तलब किया है।
बैठक में डिप्टी आरएमओ राजेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि सदर तहसील क्षेत्र में कुल 41 केंद्र हैं। जिले के सभी केंद्रों पर अब तक 22 हजार 91.17 एमटी खरीद की जा चुकी है। इस पर डीएम ने कहा कि यह खरीद पिछले वर्ष की अपेक्षा काफी कम है। खरीद बढ़ाने के लिए लेखपाल, कानूनगो बड़े किसानों को प्रेरित करें। कर्मचारी कल्याण निगम के एक केंद्र पर अब तक एक किसान से मात्र 10 क्विंटल खरीद होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए खरद बढ़ाने के निर्देश दिए। यूपीएसएस के 16 में से दो केंद्रों पर बिल्कुल खरीद न होने और हरदासपुर में प्रस्तावित क्रय केंद्र देवरनियां में खोलने की सूचना पर उनका पारा चढ़ गया।
इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्होंने प्रबंधक अर्जुन सिंह यादव का स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने कहा कि केंद्र प्रभारी प्रतिदिन खरीद का लक्ष्य निर्धारित करें। सभी एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन के आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। मंडिी समितियों में गेहूं की नीलामी के फोटोग्राफ कराएं। यह भी सुनिश्चित करें कि बिना लायसेंस गेहूं की होल्डिंग न होने पाए। एडीएम आनंद कुमार ने केंद्र प्रभारियों को प्रत्येक केंद्र पर बोरों की पांच गांठ रिजर्व में रखने और व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
00
कंट्रोल रूम में दर्ज कराई शिकायत
जराकोठी। क्षेत्र के गांव बैवहा स्थित कृषक विकास सहकारी समिति पर गेहूं बेंचने वाले किसानों को 15 दिन बीत जाने के बाद भुगतान होना तो दूर चेक तक नहीं दिए गए। इलाके के डॉ बल्देव सिंह, तारा सिंह, दिलीप सिंह, तरसेम सिंह, दीदार सिंह व करनैल सिंह ने डिप्टी आरएमओ कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम पर शिकायत दर्ज कराते हुए भुगतान कराने का आग्रह किया है।