पीलीभीत। उप्र की अपेक्षा उत्तराखंड में गेहूं मंहगा होने के कारण जिले का गेहूं उत्तराखंड ले जाया जा रहा है। मंगलवार को चेकिंग अभियान के दौरान अधिकारियों ने पूरनपुर और मझोला में छापामारी कर दो सौ क्विंटल से अधिक गेहूं पकड़ लिया। गेहूं ले जा रहे वाहनों को सीज कर दिया गया है।
पूरनपुर। मंडी शुल्क जमा किए बिना उत्तराखंड ले जाया जा रहा सवा सौ क्विंटल गेहूं एसडीएम आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव ने पकड़ लिया। ट्राले को माधोटांडा पुलिस को सौंपकर मंडी समिति सचिव को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने बताया कि न्यूरिया के कुछ लोग गेहूं ले जा रहे थे। उन्होंने रंपुरा स्थित राज्य भंडारण गोदाम, जसवंती स्थित गोदाम पर गेहूं उतार का निरीक्षण किया। धीमी गति से उतार होने पर गोदाम इंचार्ज पर नाराजगी व्यक्त कर तेजी से उतार कराने के निर्देश दिए। घुंघचाई क्षेत्र के कुछ गेहूं खरीद केंद्रों पर धीमी खरीद मिलने पर तेजी से गेहूं खरीद करने के निर्देश दिए।
मझोला। मंडी समिति सचिव पीसी शर्मा ने मंगलवार को टीम के साथ सीमा के बाहर ले जाए जा रहे गेहूं की चेकिंग की। चेकिंग के दौरान एक ट्रैक्टर ट्रॉली संख्या यूपी 26 डी-3481 को रोकने पर ड्राइवर ट्रॉली छोड़ भाग निकला। ट्रॉली पर 150 बोरे गेहूं लदा था। श्री शर्मा ने बताया कि उत्तराखंड ले जाया जा रहा गेहूं 90 क्विंटल है। उन्होंने चौकी इंचार्ज मनोज कुमार सिंह को ट्रॉली सीज करने के निर्देश दिए। टीम में मोईनुद्दीन खां, धनीराम व अन्य कर्मचारी थे।