मारपीट की और बाल मुडवाए
पीलीभीत। राजकीय पॉलिटेक्निक में शनिवार को सीनियर छात्रों ने जूनियर साथी के बाल जबरन मुड़वा दिए। विरोध करने पर उसकी पिर्टाई भी की। रैगिंग की इस घटना की पुलिस को तहरीर दी गई है। प्रभारी प्राचार्य के अनुसार आरोपी छात्रों का प्रवेश निरस्त किया जाएगा।
घटना उस वक्त की है जब पॉलिटेक्निक के इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड का प्रथम वर्ष का एक छात्र शनिवार को जीटीआई से बाहर निकल कर कहीं जा रहा था। आरोप है कुछ सीनियर छात्रों ने उसे जबरन रोक लिया। सीनियर छात्र उस पर बाल मुड़वाने के लिए दबाव बनाने लगे। जब जूनियर छात्र ने इसका विरोध किया तो उसकी पिटाई कर दी गई। इसके बाद सीनियर छात्र उसको नाई की दुकान पर ले गए। वहां उसके बाल मुंडवा दिए गए। छात्र ने कॉलेज पहुंचकर इसकी शिकायत की। बाद में पुलिस को भी तहरीर दी गई। कार्यवाहक प्राचार्य एनडी शर्मा ने बताया कि वह शनिवार को बरेली में थे। स्टाफ ने प्रकरण की सूचना दी थी। रैगिंग कमेटी आरोपियों को चिन्हित करेगी। इसमें किसी भी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी। आरोपी छात्रों का प्रवेश निरस्त किया जाएगा।