माधोटांडा। बरेली से साथियों के साथ चूका स्पाट की सैर करने आए एक व्यक्ति की शारदा सागर डैम में डूबकर मौत हो गई। बताते हैं कि नहाते समय एक युवक डूबने लगा था, जिसे बचाने के प्रयास में वह संतुलन खोकर डूब गया और मौत हो गई, जबकि युवक को बचा लिया गया।
बरेली के मोहल्ला जाटवपुर निवासी 45 वर्षीय बबलू सागर अपने साथी बरेली के मोहल्ला भूड़ निवासी सुनील कुमार, विशाल सिटी निवासी ब्रजलाल आदि के साथ चूका स्पाट घूमने आए थे। चूका स्पाट के समीप शारदा सागर डैम में कुछ लोगों को नहाते देख बबलू भी अपने साथियों के साथ डैम में नहाने चला गया। साथियों ने बताया कि इस दौरान एक युवक डूबने लगा। बबलू ने उसे बचा लिया, लेकिन वह खुद गहरे पानी में चले गए। साथियों के शोर पर पहुंचे कुछ तैराकों और अन्य लोगों ने बबलू को पानी से निकाल लिया। गंभीर हालत में उन्हें पीएचसी लाया गया। डॉक्टर ने बबलू को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।