जिले के ललौरीखेड़ा व अमरिया विकास खंड क्षेत्र में छिटपुट विवाद के बीच प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 85 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। मतदान के लिए बूथ पर पहुंचे थाना जहॉनाबाद के गांव अजीतडांडी निवासी किसान 65 वर्षीय नत्थूलाल की मौत हो गई। इस दौरान करीब 20 मिनट तक मतदान बाधित रहा। सर्वाधिक 49 उम्मीदवार वाली ग्राम पंचायत बरहा पर पूरे दिन विवाद होता रहा। सूचना पर पहुंचे डीएम के निर्देश पर मतदाताओं को चुनाव चिन्ह बता रहे प्रधान पद के एक प्रत्याशी के भाई समेत दो लोगों को पुलिस हिरासत में ले लिया। यहां दोपहर में फर्जी मतदान की सूचना पर जमकर हो-हल्ला हुआ। प्रत्याशियों की शिकायत पर दोपहर में पीठासीन अधिकारी को बदल दिया गया। दोपहर बाद से मतदान केंद्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। उधर, धुंधरी गांव में दो प्रत्याशी में कहासुनी के बाद हंगामा होने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर उनके एकत्र समर्थकों को खदेड़ना पड़ा। इसी के साथ दोनों विकास खंडों में प्रधान पद के 1176 व सदस्य पद के 1914 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला मतपेटिका में बंद हो गया। जिलाधिकारी मासूम अली सरवर, एसपी जवाहर ने पूरे दिन मतदान केंद्रों की स्थिति का जायजा लिया।
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को प्रधान पद के लिए अमरिया में 105 और ललौरीखेड़ा में 69 पदों के लिए वोट डाले गए। दोनों ब्लाकों में प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए थे। सुबह से ही बूथों पर मतदाता कतार में लगे थे। प्रथम दो घंटे में ही 17 प्रतिशत वोटिंग कर मतदाताओं ने अपने उत्साह का प्रमाण दे दिया था जो शाम तक जारी रहा। चुनाव के दौरान सर्वाधिक गहमा गहमी शहर से सटे बरहा गांव में देखी गई। यहां सर्वाधिक 49 प्रत्याशी मैदान में थे। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने को प्रशासन ने सभी आठ बूथों पर एक एक अतिरिक्त मतदान कर्मी को लगाया था वहीं एक बूथ पर दो पार्टियों को लगाकर चुनाव कराया। इस दौरान डीएम-एसपी ने भी बूथ पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अमरिया ब्लाक 84.96 और ललौरीखेड़ा ब्लाक में 86.14 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोनों विकासखंड क्षेत्र में 85.5 फीसदी मतदान हुआ।