रंग बिरंगी रोशनी से सजे गिफ्ट शॉप व होटल
गिफ्ट खरीदने को उमड़ी खरीदारों की भीड़
पीलीभीत। नववर्ष के स्वागत को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। इसको लेकर जहां युवाओं में खासा क्रेज दिखाई दे रहा है, वहीं शहर के होटल व रेस्टोरेंटों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। रंगबिरंगे गुब्बारे व रोशनी से सजाई गई गिफ्ट की दुकानों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। इधर टाईगर रिजर्व का चूका बीच भी दो दिन पहले से ही पर्यटकों से गुलजार है।
नववर्ष के मौके पर हर कोई इस दिन को खास अंदाज से मनाने की तैयारियों में जुटा है। नए साल के इस्तकबाल के लिए शहर का बाजार भी सजा दिखाई दिया। प्रमुख होटल व रेस्टोरेंटों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। शनिवार को गिफ्ट गैलरियों में उपहार खरीदने वालों का पूरे दिन तांता लगा रहा। यहां बच्चों से लेकर युवा अपने चहेतों को उपहार देने को खरीदारी करते दिखे। गिफ्ट गैलरी में न्यू ईयर ग्रीटिंग, चॉकलेट पैक, टेडीबियर, परफ्यूम आदि की डिमांड रही। वहीं फूलों की दुकानों पर रोज वड्स व बुकें आदि की एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। व्यापारी रवि शर्मा के मुताबिक इस बार रोज वड के दाम 15 से 20 रुपये व सुपर रोज वड 30 से 35 रुपये तक रखे गए। बुकें की कीमत भी बाजार में सौ लेकर 650 रुपये तक है।
नए साल पर पर्यटकों को भा रहा है चूका बीच
तराई के जंगल की हरी भरी वादियों के बीच स्थित चूका बीच नए साल पर पर्यटकों के लिए खास बना हुआ है। आलम यह है कि यहां अरण्य कुटी को छोड़कर अन्य थारू हट, बैंबू हट समेत अन्य हटें तीन जनवरी तक फुल हो चुकी है। टाइगर रिजर्व प्रशासन द्वारा गाइडों की व्यवस्था की गई है। यह गाइड आने वाले पर्यटकों को बाइफरकेशन, सप्तसरोवर, भीमताल, मुस्तफाबाद समेत छह प्वाइंटों की सैर करवा रहे हैं। पर्यटकों के सैर सपाटे के लिए 12 वाहनों की व्यवस्था की गई है।
शनिवार को पहुंचे 70 से अधिक पर्यटक
नए साल से दो दिन पहले ही चूका बीच पर्यटकों से गुलजार दिखाई दिया। शनिवार को 70 से अधिक पर्यटकों ने सुबह से लेकर शाम तक पिकनिक स्पॉट पर मौज मस्ती की और जंगल सफारी का आनंद लिया।