पीलीभीत। कोविड मामलों में बुधवार के मुकाबले गुरुवार को थोड़ी राहत मिली। बुधवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 161 संक्रमित मिले थे। गुरुवार को 70 नए मामले सामने आए। इसमें डीआईजी एसएसबी ऑफिस में एक जवान और एसएसबी 49 बटालियन में एक जवान कोरोना संक्रमित मिला। बिलसंडा और पूरनपुर स्वास्थ्य केंद्र पर एक डॉक्टर और जिला क्षय रोग अस्पताल में एक फार्मासिस्ट संक्रमित हुआ है। स्वास्थ्य विभाग इनके संपर्क में आने वाले लोगों को ट्रेस कर जांच करा रहा है।
कोविड की तीसरी लहर में लगातार केस बढ़ रहे हैं। शहर से लेकर गांव तक तेजी से इसकी जद में आ रहे हैं। एक दिन पहले ही कई मामले मिलने के बाद सीएमओ ऑफिस चौबीस घंटे को बंद कर दिया गया था। गुरुवार को 70 नए केस सामने आए हैं। गोदावरी स्टेट में चार लोग संक्रमित हुए। शहर में एक प्राइवेट अस्पताल में भी एक कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बिलसंडा सीएचसी पर स्वास्थ्य विभाग की एक टीम भी पहुंची। वहां कर्मचारियों के सैंपल लिए हैं। इसके अलावा न्यूरिया, बिलसंडा में कई केस सामने आए हैं। बजाज चीनी मिल में भी एक कर्मचारी कोरोना ग्रस्त हुआ है। कलक्ट्रेट पर नौ केस मिलने के बाद वहां सैनिटाइजेशन कराया गया। सीएमओ डॉ. आलोक शर्मा ने बताया कि संक्रमित लोगों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लिए गए हैं।
नए वैरिएंट की पुष्टि को नहीं करा रहे जांच
स्वास्थ्य विभाग नए वैरिएंट को लेकर ज्यादा गंभीर नजर नहीं आ रहा। यही कारण है कि जो मामले आ रहे हैं उनकी जीनोम सीक्वेंसिंग नहीं कराई जा रही। हालांकि ज्यादातर मामलों में नए वैरिएंट वाले ही लक्षण दिख रहे हैं। सीएमओ डॉ. आलोक शर्मा का कहना है कि नए वैरिएंट की जांच नहीं कराई है। आरटीपीसीआर में जो संक्रमित मिल रहे हैं उनको इलाज मुहैया कराया जा रहा है।
कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर पहुंची 402
कोरोना की तीसरी लहर में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। कंटेनमेंट जोन की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। सबसे ज्यादा मरौरी और ललौरीखेड़ा में जोन बनाए गए हैं। गुरुवार को भी मरौरी में चार कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। मरौरी ब्लॉक में शिवपुरी, नावकूड, पीलीभीत कोहना, शक्तिनगर न्यूरिया को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। इसके अलावा बीसलपुर, पूरनपुर, बरखेड़ा और शहर में भी जोन की संख्या बढ़ाई है। बुधवार तक कुल 227 कंटेनमेंट जोन थे जो गुरुवार को बढ़कर 402 हो गए हैं।
छूटे हुए लोगों को चिह्नित कर लगाई जाएगी वैैक्सीन
जिले में अब भी तमाम लोगों को कोविड वैक्सीन नहीं लग पाई है। अब ऐसे लोगों को चिह्नित करके टीकाकरण कराया जाएगा। डीएम ने शुक्रवार को इस संबंध में बैठक भी बुलाई है। सभी ब्लॉक को सूची भेजी जाएगी। लोगों को चिह्नित करके पहला डोज लगवाया जाएगा। सीएमओ डॉ. आलोक शर्मा ने बताया कि लगातार ऐसे लोगों को ट्रेस कर रहे हैं। वैक्सीनेशन कराया जा रहा है।