पीलीभीत। शहर के बिजलीघर तिराहे स्थित व्यापार मंडल के एक पदाधिकारी की दुकान के गल्ले में रखे पांच लाख रुपये की चोरी हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। व्यापारी ने अपनी दुकान पर ही काम करने वाले एक नौकर पर चोरी करने की आशंका जताई है।
शहर के आवास विकास कॉलोनी निवासी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संरक्षक अनिल महेंद्रू का थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के बिजलीघर तिराहे के समीप प्रतिष्ठान है। अनिल महेंद्रू के मुताबिक उनकी दुकान के गल्ले में पांच लाख रुपये की नकदी रखी हुई थी। कोई व्यक्ति गल्ले को ब्लेड से काटकर नकदी चोरी कर ले गया।
सूचना मिलने पर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अफरोज जिलानी के नेतृत्व में तमाम व्यापारी नेता मौके पर पहुंचे। पुलिस को जानकारी दी गई, तो प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी पवन कुमार पांडेय फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। घटना को लेकर व्यापारी ने दुकान पर ही काम करने वाले एक युवक पर चोरी करने की आशंका जताई है।
पुलिस ने उक्त युवक के घर पर दबिश देकर हिरासत में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है।