मोबाइल गश्त की उपयोगिता से वनकर्मियों को कराया अवगत
टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर एच राजामोहन ने शनिवार को बराही एवं महोफ रेंज के बार्डर क्षेत्र में वनकर्मियों के साथ पैदल गश्त कर जंगल की व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान विभाग की ओर से की जाने वाली मोबाइल जीपीएस गश्त के उपयोग के बारे में वनकर्मियों को जानकारी भी दी गई।
टाइगर रिजर्व के जंगल सुरक्षा चाक चौबंद रहे, इसके लिए फील्ड डायरेक्टर एच राजामोहन जंगल क्षेत्र में पैदल गश्त कर व्यवस्थाओं को परखते हैं। शनिवार को एफडी एक बार फिर जंगल क्षेत्र में पैदल गश्त के लिए निकले। इस दौरान एफडी ने बराही और महोफ रेंज के वनकर्मियों की मौजूदगी दोनों सीमाओं के बार्डर क्षेत्र में पैदल गश्त कर वन्यजीवों की चहलकदमी के साथ अन्य व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान एफडी ने मोबाइल गश्त का कैसे उपयोग किया जाए, इसके लिए गश्त के दौरान वृक्ष कटान, वन्यजीव के अलावा अन्य प्रकार की घटनाओं होने पर मोबाइल गश्त के एप पर संबंधित कोड के माध्यम से एलर्ट करने की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर रेंजर गिरीराज सिंह, चंद्रभाल सिंह के अलावा वन दारोगा शंकर लाल, नसीम समेत वनकर्मी मौजूद रहे।