14 पीबीटीपी 11
घर में घुसा मगरमच्छ, हड़कंप
- शुक्रवार सुबह वन विभाग की टीम ने पकड़कर नदी में छोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर। गांव बरखेड़ा यासीन निवासी एक ग्रामीण के घर गुरुवार रात 10 बजे अमेड़ी नदी से निकलकर आया एक मगरमच्छ घुस गया। इसके चलते गांव में पूरी रात हड़कंप मचा रहा। वन विभाग की टीम ने शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंच मगरमच्छ को पकड़कर नदी में छोड़ दिया।
गांव बरखेड़ा यासीन निवासी सुरेश चंद्र ने बताया कि गुरुवार की रात लगभग 10 बजे वह और उनके घर के सभी लोग घर के बाहर बैठे हुए बातें कर रहे थे। इसी बीच पड़ोस में बह रही अमेड़ी नदी से निकलकर एक मगरमच्छ आया और उनके घर में घुस गया। घर के बाहर बैठे हुए सभी लोगों ने मगरमच्छ को देख लिया और शोर मचा दिया। इसी बीच मौके पर गांव के काफी लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर बीसलपुर से वन विभाग की टीम भी पहुंच गई। टीम में कम सदस्य होने के कारण उन लोगों ने जाल डालकर मगरमच्छ को बंद कर दिया। रात भर मगरमच्छ बंद रहा। इस मामले को लेकर गांव में पूरी रात हड़कंप मचा रहा। शुक्रवार को रेेंजर मदनलाल के निर्देशन में वन विभाग के और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मगरमच्छ को पकड़कर पहले रेंज कार्यालय ले गए। टीम ने फोटो खींचने के बाद मगरमच्छ को देवहा नदी में छोड़ दिया।