पीलीभीत। शहर के गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित वृहद विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर में 313 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभांवित किया गया। दिव्यांगों को सहायक उपकरण और महिलाओं को विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना से सिलाई मशीन वितरित की गई। लोगों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित शिविर का शुभारंभ जिला जज रविंद्र कुमार चतुर्थ ने दीप जलाकर किया। उन्होंने कहा कि कि इस शिविर का उद्देश्य लोगों में जागरूकता लाना है, ताकि योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे और घरों में खुशहाली आए। शिविर के नोडल व अपर जिला जज सुनील कुमार ने राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव नूहीन जैदी ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों व उद्देश्य के बारे में बताया। इसके बाद 51 समूह की दीदियों को कैश क्रेडिट लिमिट का डेमो चेक दिया गया। माटी कला रोजगार योजना, मनरेगा, बैकयार्ड पॉल्ट्री योजना, राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना, आवास योजना, उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र, आयुष्मान कार्ड योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना नगरीय, खाद्य एवं रसद विभाग से सम्बन्धित योजना और बैंक से संबंधित योजनाओं के लगभग 313 लाभार्थियों को लाभांवित किया गया। लाभार्थियों को आवास प्रमाण पत्र, वृद्धा पेंशन प्रमाण पत्र, रोजगार प्रमाण पत्र, ट्राई साईकिल, व्हील चेयर और सब्सिडी व बैंक लोन चेक, लैपटॉप, सिलाई मशीन आदि का वितरण किया गया। इसके बाद मेगा शिविर में मौजूद सभी लोगों को बाल विवाह की रोकथाम की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में अपर जिला जज विजय कुमार डूंगराकोटि, रामकिशोर, अनु सक्सेना, त्रिभुवन नाथ पासवान, छांगुर राम व आतिफ शमीम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मंगलदेव सिंह व विभिन्न विभागों के अफसर मौजूद रहे। संवाद