पीलीभीत। पीलीभीत रेलवे जंक्शन से शनिवार सुबह सवा सात बजे शाहजहांपुर के लिए पहली ट्रेन रवाना हुई तो यात्रियों के चेहरे पर खुशी का ठिकाना न रहा। 1491 दिन (करीब चार साल) बाद यात्री ट्रेन का सफर मिलने से यात्रियों को काफी सहूलियत हो गई है। हालांकि शाम को 35 मिनट देरी से ट्रेन रवाना हो सकी। पहले दिन 305 यात्रियों ने सफर किया।
शाहजहांपुर रेलखंड के यात्रियों का चार पुराना इंतजार खत्म हो गया। शनिवार सुबह सवा सात बजे लोको पायलट सर्वेश कुमार, सहायक पायलट प्रदीप कुमार के साथ गार्ड संतोष कुमार की झंडी मिलने पर ट्रेन संख्या 05381 लेकर शाहजहांपुर के लिए रवाना हुए। सुबह शाहजहांपुर की ओर जाने वाली इस ट्रेन से 95 यात्रियों ने सफर किया। शाम को सवा चार बजे रवाना होने वाली ट्रेन 05395 निर्धारित समय से 35 मिनट देरी से 4:50 बजे रवाना हो सकी।
लोको पायलट संतोष कुमार गार्ड रमेश चंद्र की झंडी मिलने पर ट्रेन लेकर शाहजहांपुर रवाना हुए। इस ट्रेन से 210 यात्रियों ने शाहजहांपुर की ओर जाने के लिए टिकट खरीदा। वहीं, शाहजहांपुर से सुबह 9:35 बजे पहुंचने वाली ट्रेन संख्या 5396 लोको पायलट अमीरी ठाकुर, सहायक पायलट मोहम्मद वसीम और गार्ड आशीष सक्सेना निर्धारित समय से 20 मिनट पहले सवा नौ बजे लेकर जंक्शन पहुंच गए। इस ट्रेन से 200 लोग जंक्शन पर उतरे। शाम को शाहजहांपुर से चार बजे चलने वाली ट्रेन अपने तय समय पर जंक्शन पहुंच गई थी। इस ट्रेन से भी 150 यात्री जंक्शन पर उतरे।
बारिश ने सफर का आनंद किया दोगुना
जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर चार से शाहजहांपुर सवा चार बजे ट्रेन रवाना हुई तो प्लेटफार्म पर यात्रियों की संख्या भी काफी थी। तभी झमाझम बारिश शुरू हो गई। इससे प्लेटफार्म का टिनशेड छोटा पड़ गया और बारिश से यात्री भीगने लगे। बारिश का सुहावना मौसम होने से यात्रियों ने भी बारिश का आनंद लेना शुरू कर दिया। इसी दौरान ट्रेन आ गई और भीगते हुए यात्री ट्रेन में सवार होकर चले गए।
जंक्शन पर हावी रही अव्यवस्था
शाम को भोजीपुरा से आने वाली ट्रेन टनकपुर की ओर जाती है। टनकपुर की ओर जाने वाले यात्री जंक्शन पर नहीं उतरते थे। मगर शनिवार को भोजीपुरा से आने वाली ट्रेन शाहजहांपुर की ओर रवाना की गई। इससे टनकपुर की ओर जाने वाले यात्री जानकारी के अभाव में ट्रेन में बैठे रहे। बाद में जब शाहजहांपुर की ओर जाने वाले यात्री सवार हुए तो दोनों दिशाओं के यात्री परेशान दिखाई दिए और एक-दूसरे से जानकारी करते नजर आए। रवाना होने के बाद भी चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी गई और यात्री ट्रेन से उतरे।
ट्रेन की नहीं हुई सजावट, होती रही चर्चा
भले ही 49 माह एक दिन बाद इस रेलखंड पर ट्रनों का संचालन शुरू हुआ, मगर इन ट्रेनों को आम रेलगाड़ियों की तरह चलाया गया। पहले ट्रेनों की सजावट तो दूर, एक फूल तक नहीं लगाया गया। इस बात की चर्चा ट्रेन से सफर करने पहुंचे यात्री में होती सुनाई दी। यात्रियों का कहना था कि ब्रॉडगेज की पहली बार ट्रेन चली है, मगर कोई उद्घाटन तक नहीं हुआ और ट्रेनों को सजाया भी नहीं गया।
जंक्शन से शाहजहांपुर के लिए रवाना होती पैसेंजर ट्रेन।- फोटो : PILIBHIT