फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: नेपाली हाथियों पर ऋ3बाघ मित्र भी रखेंगे निगरानी

Fri, 14 Nov 2025 11:41 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। नेपाल से आने वाले हाथियों की लगातार बढ़ती आवाजाही और उनके कारण उत्पन्न खतरे को देखते हुए अफसरों ने अब विभागीय टीम के साथ अनुभवी बाघ मित्रों को भी जिम्मेदारी सौंपी है। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के 130 प्रशिक्षित बाघ मित्र हाथियों की गतिविधि पर नजर रखेंगे। यह पहल पीटीआर और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के संयुक्त प्रयासों के तहत शुरू की जा रही है। अफसरों का कहना है कि इससे मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने में बड़ी मदद मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन

डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के सहयोग से वर्ष 2019 में बाघ मित्र मॉडल लागू किया गया था। इसके तहत जंगल सीमा से सटे गांवों के जागरूक युवाओं को चुनकर प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे बाघों की मूवमेंट की समय पर सूचना दे सकें और निगरानी में वन विभाग की मदद कर सकें।
इस पहल से जंगल के बाहर बाघों की मौजूदगी का तत्काल पता चलने लगा और कई संवेदनशील घटनाओं को रोका जा सका। इस मॉडल के लागू होने के बाद पूर्व की अपेक्षा संघर्ष की घटनाओं में काफी कमी भी आई। इधर, नेपाल के हाथियों की बढ़ती सक्रियता के बाद विभाग ने निगरानी और रोकथाम की दिशा में प्रयासों को तेज करते हुए बाघ मित्रों को भी जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया।
विज्ञापन

वर्तमान में जिले के 130 बाघ मित्र की टीम अब बाघों के साथ हाथियों की निगरानी की जिम्मेदारी भी संभालेगी। अब इसी मॉडल को हाथियों की निगरानी के लिए भी लागू किया जा रहा है। बाघ मित्र जंगल सीमा और हाथियों के संभावित मार्गों पर सक्रिय होकर समय पर सूचना देंगे, ताकि गांवों और आबादी क्षेत्र में हाथियों से होने वाले नुकसान को रोका जा सके। डीएफओ मनीष सिंह का कहना है कि बाघ मित्रों के प्रयासों से निगरानी और मजबूत होगी। इससे हाथियों से होने वाले खतरे को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।

देशभर में मिली बाघ मित्र मॉडल को सराहना
पीटीआर के बाघ मित्र मॉडल को देश भर में सराहना मिल चुकी है। प्रधानमंत्री ने भी मन की बात कार्यक्रम में पीटीआर के बाघ मित्रों के प्रयासों की सराहना की थी। इसके बाद देश के कई ऐसे टाइगर रिजर्व, जहां मानव- वन्यजीव संघर्ष की स्थिति खराब रही, वहां पीटीआर के बाघ मित्रों ने दौरा कर अपने कार्यों को साझा किया। शुरुआत में 70 से बढ़कर वर्तमान में बाघ मित्रों की संख्या बढ़कर 130 पहुंच गई है।

बाघ मित्र एप बना तकनीकी सहायक
पीटीआर और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की ओर से बाघ मित्रों को ड्रेस, उपकरण और तकनीकी सहायता भी प्रदान की है। बाघ मित्र एप उनकी सबसे बड़ी मदद बनकर उभरा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या पगचिह्न दिखाई देने पर बाघ मित्र एप में फोटो अपलोड करते हैं, इससे लोकेशन और पहचान की जानकारी तुरंत मिल जाती है। यह सिस्टम ट्रैकिंग और रेस्क्यू में बेहद कारगर साबित हो रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें