नगर की बिजली सप्लाई सुधार के प्रयास विभाग ने शुरू कर दिए हैं। 2500 उपभोक्ताओं के पुराने रीडिंग मीटर बदलकर इलेक्ट्रानिक मीटर लगाए जाएंगे। लोड बांटने को चौथा फीडर शुरू किया जाएगा। इस फीडर से लाइन पार के एरिया को जोड़ा जाएगा।
नगर के 11 हजार बिजली उपभोक्ताओं को तीन फीडरों से बिजली सप्लाई की जाती है। इसमेें से साढ़े नौ सौ उपभोक्ताओं के यहां बिजली रीडिंग मीटर नहीं लगे हैं। ढाई हजार से अधिक उपभोक्ताओं के घर, प्रतिष्ठानों में पुराने रीडिंग मीटर (चक्के वाले) लगे हुए हैं। एसडीओ (बिजली) सौरभ भारद्वाज ने बताया कि बिजली हानियां आदि रोकने को शीघ्र ही शत-प्रतिशत उपभोक्ताओं के यहां इलेक्ट्रानिक रीडिंग मीटर लगाए जाएंगे। पुराने रीडिंग मीटरों से रीडिंग पूरी नहीं आ रही है। इसको लेकर पुराने मीटरों को भी बदलवाकर इलेक्ट्रानिक मीटर लगवाए जाएंगे, ताकि लाइन हानियों को कम किया जा सके। पुराने मीटरों को बदलने के लिए सर्वे शुरू किया गया है, लेकिन जिन उपभोक्ताओं के यहां रीडिंग मीटर नहीं है और जिनके मीटर खराब हैं। पहले उनके मीटर बदलवाएं जाएंगे। नगर में लोड कम करने को चौथा फीडर शुरू करने की तैयारी शुरू की गई है। चौथे फीडर से लाइनपार इलाके को बिजली सप्लाई की जाएगी।
देहात का बिजली सप्लाई शेड्यूल बदला
पूरनपुर। एसडीओ सौरभ भारद्वाज ने बताया कि नगर में पुराने बिजली सप्लाई शेड्यूल सुबह साढ़े पांच बजे से अपरान्ह साढ़े बारह बजे और अपरान्ह साढे तीन बजे से शाम साढ़े आठ बजे तक ही बिजली सप्लाई की जाएगी। देहात का शेड्यूल रविवार से बदल गया है। अब देहात में शाम को चार बजे से रात दो बजे तक बिजली सप्लाई दी जाएगी।
ठप बिजली सप्लाई के विरोध प्रदर्शन
घुंघचाई। आधे कस्बा की ठप बिजली सप्लाई के विरोध में उपभोक्ताओं ने विद्युत उपकेंद्र में हंगामा कर एसडीओ के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शीघ्र ही बिजली सप्लाई में सुधार न होने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी। बिजली लाइन में फाल्ट से दो दिन से आधे कस्बे की बिजली सप्लाई ठप है। इससे क्षुब्ध उपभोक्ताओं ने विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर हंगामा किया। बाद में बाजार चौराहा पर एकत्र होकर एसडीओ के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कई दिनों से कस्बा की बिजली सप्लाई लडख़ड़ाई चल रही है। कई बार इसकी शिकायत करने के बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने शीघ्र ही बिजली सप्लाई में सुधार न होने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में संतराम, रिजवान, मोहम्मद आरिफ, रवि, आनंद, ओम प्रकाश, शिवकुमार, रमकुमार, शिवओम, वीर सिंह, मझले, छोटे लल्ला, रमेश, धर्मेंद्र आदि थे।
ठप बिजली सप्लाई की जानकारी किसी उपभोक्ता ने नहीं दी। अगर कही फाल्ट है, तो उसे दूर करवाकर सप्लाई शुरू कराई जाएगी।
सौरभ भारद्वाज, एसडीओ
घुंघचाई की शीघ्र सुधरेगी आपूर्ति
पूरनपुर। एसडीओ सौरभ भारद्वाज ने बताया कि घुंघचाई में 250 केवीए के एक बिजली ट्रांसफार्मर से बिजली सप्लाई की जा रही है। इससेे ओवरलोड की समस्या बनी हुई है। समस्या के समाधान को घुंघचाई में दो बिजली ट्रांसफार्मर लगवाएं जाएंगे। ट्रांसफार्मर लगवाने को स्थान का चयन कर लिया गया है। कार्यदाई संस्था से भी बात हो गई है। दोनों ट्रांसफार्मर सितंबर माह के अंत तक रखवा दिए जाएंगे।