पीलीभीत। जनपद में यदि किसी परिवार के पास फूड सिक्योरिटी के दो राशन कार्ड हैं तो एक को जल्द जमा कर दें। अन्यथा मामला संज्ञान में आने पर राशन की वसूली की जा सकती है। रसद एवं खाद्य विभाग ने विभागीय अफसरों को ऐसे लोगों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं।
जनपद में फूड सिक्योरिटी योजना की शुरूआत वर्ष 2016 में हुई थी। शुरूआत में इस योजना में करीब साढ़े तीन लाख परिवार शामिल हुए। इसके शुरू होने के कुछ समय योजना में अपात्र परिवारों को खुलासा होने लगा। अपात्र परिवारों को बाहर करने के लिए विभाग की ओर से सर्वे किया गया। इसका नतीजा यह रहा कि इस समय योजना में अब सवा तीन लाख परिवार ही रह गए हैं। बावजूद इसके अभी भी शिकायत मिल रही हैं कि एक ही परिवार के दो-दो राशन कार्ड हैं। शासन स्तर पर भी इस तरह की शिकायत की जा रही हैं। इसको लेकर विभाग ने सख्ती दिखाई है। जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह ने इसको लेकर विभागीय अफसर व कर्मचारियों को निर्देश जारी किए है। साथ ही अपील की है कि एक परिवार में यदि दो राशन कार्ड बने हैं तो वह एक राशन कार्ड विभागीय कार्यालय में जमा कर दें अन्यथा ऐसा नहीं करने पर उनसे लिए गए राशन की वसूली की जाएगी।