22 पीबीटीपी 17
इंटरनेट पर दिखेगी नगर पालिका, जल्द लांच होगी वेबसाइट
पालिका की संपत्ति, टैक्स, प्रमाणपत्र आदि की घर बैठे पा सकेंगे जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। नगर पालिका परिषद जल्द ही अपनी वेबसाइट लांच करने जा रही है। डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट पीलीभीत एनपीपी डॉट इन नाम से यह वेबसाइट फरवरी में लांच होने की संभावना है। इस वेबसाइट के जरिए शहरवासी सरकारी योजनाओं के साथ-साथ टैक्स, लाइसेंस और जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र आदि जानकारियां आसानी से पा सकेंगे।
नगर पालिका परिषद में नए बोर्ड के गठन के साथ ही शहर को बेहतर बनाने व शहरवासियों को सभी सुविधाओें का लाभ देने की कवायद तेजी से शुरू की जा चुकी है। शहर में ई-टॉयलेट निर्माण, स्थाई डलावघर के लिए भूमि खरीदने व सफाई व्यवस्था का कार्य चल भी रहा है। इधर, अमृत योजना की निर्गत गाइड लाइन के मुताबिक स्थानीय नगर पालिका का ई-गर्वनेंस के अंतर्गत साफ्टवेयर (वेबसाइट) विकसित किया जा रहा है। डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट पीलीभीत एनपीपी डॉट इन नाम से तैयार की जा रही इस वेबसाइट को डेवलप करने की जिम्मेदारी श्रीट्रान इंडिया लिमिटेड को सौंपी गई है। कंपनी के आईटी एक्सपर्ट इस वेबसाइट में नगर पालिका व शहर से जुड़ी कई जानकारियां अपलोड भी कर चुके हैं। इस वेबसाइट के खुलते ही होम में केंद्र व यूपी सरकार की योजना संबंधी जानकारी देखी जा सकती है। वहीं, जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र, हाउस टैक्स की दर, होर्डिंग की स्थिति, नगर पालिका की सरकारी भूमि का लेखा जोखा, शहर की ऐतिहासिक धरोहरें, नगर पालिका से संबंधित सरकारी योजनाएं, सिटीजन चार्टर, अपलोड की जा चुकी है। शहर की जनता वेबसाइट पर शिकायतें भी कर सकेगी। वहीं शिकायतों का ऑनलाइन समाधान भी स्क्रीन पर दिख सकेगा। एक टोल फ्री नंबर भी जल्द ही लांच किया जाएगा। इस टोल फ्री नंबर पर शहरवासी अपनी पेयजल, साफ सफाई आदि से जुड़ी शिकायतों के साथ-साथ अपने टैक्स आदि की भी जानकारी कर सकेंगे। इतना ही नहीं शिकायत को तत्काल संबंधित कर्मचारी के सुपुर्द कर उसका निस्तारण किया जाएगा। कंपनी के आईटी एक्सपर्ट के मुताबिक वेबसाइट पर नगर पालिका से संबंधित अधिकांश साफ्टवेयर, योजनाएं व जानकारियां अपलोड की जा चुकी हैं। बैंकिंग आदि से संबंधित कुछ कार्य शेष बचा है। तेजी से कार्य किया जा रहा है। वेबसाइट अभी ट्रायल मोड पर चल रही है। पालिका प्रशासन के मुताबिक यह वेबसाइट संभवता अगले माह लांच कर दी जाएगी।
00
वर्जन:
22 पीबीटीपी 18
ई गर्वनेंस के अंतर्गत नगर पालिका की वेबसाइट तैयार की जा रही है। इस वेबसाइट के माध्यम से टैक्स, लाइसेंस, भवन अनुमति समेत अन्य प्रमाणपत्रों संबंधी जानकारियां घर बैठे प्राप्त की जा सकेगी। कोई भी व्यक्ति नगर पालिका से संबंधित अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा। शिकायत दर्ज कराने के लिए मेल आईडी की भी जरूरत नहीं होगी।
विमला जायसवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद