खेकड़ा (बागपत)।
बड़ागांव मार्ग पर कार की टक्कर लगने से दंपति और उनके दो बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए। दूसरी तरफ हाईवे पर ग्राम सुभानपुर निवासी दो युवक घायल हो गए।
रविवार को दोपहर करीब बारह बजे नगर के मोहल्ला शेखान निवासी यूसुफ अपनी पत्नी नरगिस एवं बेटे सफराज और अरशद को बाइक पर लेकर वाया बड़ागांव मार्ग से अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था। जब वह बड़ागांव मार्ग पर पूर्वी यमन नहर के समीप पहुंचा, तभी पीछे से कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक क्षतिग्रस्त होने के साथ ही चारों गंभीर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। घायलों को राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर नगर की सीएचसी में भर्ती कराया। बाद में परिजनों ने घायलों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया।
इसके अलावा ग्राम सुभानपुर निवासी योगेश और मनीष बाइक पर सवार होकर रविवार को सुबह के समय वाया दिल्ली- सहारनपुर हाईवे से अपने गांव सुभानपुर जा रहे थे। जब वह गांव डूंडाहेड़ा के समीप पहुंचे, तभी ट्रक की टक्कर लगने से दोनों युवक भी घायल हो गए। घायलों को भी राहगीरों ने दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।