पीलीभीत। रामलीला फीडर के केबल में अचानक आई खराबी से आधे शहर की बिजली सप्लाई पूरी तरह से ठप हो गई। तपती दोपहरी में सात घंटे तक बिजली कटौती से शहरवासी बेहाल हो उठे। बिजली नहीं होने से पानी की भी समस्या उत्पन्न हो गई। हालांकि, सात घंटे तक पावर कॉरपोरेशन की टीमें सुधार के लिए जुटी रहीं, लेकिन फॉल्ट का पता ही नहीं लग सका। लिहाजा दोपहर करीब दो बजे दूसरी लाइन से जोड़कर सप्लाई सुचारु करनी पड़ी।
बुधवार सुबह सात बजे रामलीला फीडर से निकलने वाली लाइन में फॉल्ट हो गया। इससे आधे शहर की बिजली गुल हो गई। बल्लभ नगर कॉलोनी, रेलवे स्टेशन चौराहा, राजा बाग कॉलोनी, छतरी चौराहा, सिविल लाइन, लाल रोड, अग्रवाल सभा रोड, आसफजान, मोहतसिम खां, मेन बाजार, चावला चौराहा, गैस चौराहा, काला मंदिर, तुलाराम, नई बस्ती, बजरिया समेत कई इलाकों में बत्ती गुल रही।
ऊपर से गर्मी ने दिखाए तेवर
गर्मी की दस्तक ने लोगों को बेहाल कर रखा है। बुधवार को दिन भर तेज धूप रही। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर, सुबह से बिजली की कटौती हो गई। जिससे लोग पूरी तरह से बेहाल हो गए। बच्चों को स्कूल भेजने से लेकर नाश्ता-खाना बनाने और घरेलू कामकाज को लेकर महिलाओं को काफी दिक्कत हुई। शहर में अधिकांश घरों में पानी की सप्लाई बिजली की मोटर पर आधारित है। जिसके चलते लोगों को पानी की समस्या का भी सामना करना पड़ा। नहाने से लेकर साफ-सफाई के लिए पानी की किल्लत रही। लाइन में आई खराबी से बाजार की भी बिजली चली गई थी। इससे व्यापारी भी परेशान रहे।
रामलीला फीडर की केबल में फॉल्ट होने से कुछ इलाकों में बिजली कटौती रही है। सुबह से ही टीम लगा दी गई थीं, लेकिन फॉल्ट नहीं मिल सका। इस पर दूसरी लाइन से जोड़कर सप्लाई कर दी गई है। फॉल्ट तलाशने के लिए वृहस्पतिवार को भी टीम लगाकर काम कराया जाएगा। - रणवीर सिंह, एसडीओ