खेकड़ा (बागपत)। आक्रोशित लोगों ने बिजलीघर में एसडीओ का घेराव कर बदहाल आपूर्ति में अविलंब सुधार कराने की मांग की।
खेकड़ा नगर की बिजली आपूर्ति बद से बदहाल होकर रह गयी है। खेकड़ा नगर को चौबीस घंटे में अंधाधुंध कटौती के बीच मात्र आठ दस घंटे ही बिजली आपूर्ति दी जा रही है। पिछले चौबीस घंटे में सोमवार की शाम छह बजे से शाम सात बजे तक, रात्रि नौ बजे से बारह बजे एवं रात्रि में ही तीन बजे से मंगलवार सुबह आठ बजे तक और दिन मे शाम चार बजे से शाम सात बजे तक कुल मिलाकर बारह घंटे की कटौती कर खेकड़ा को बारह घंटे आपूर्ति दी । साथ ही करीब दो घंटे लोकल फाल्ट के दौरान आपूर्ति बाधित रही। दस घंटे आपूर्ति मिलने से लोग बेहाल है। गर्मी के साथ ही पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। इससे लोगों में आक्रोश है।
मंगलवार को आक्रोशित लोग एकत्र होकर नगर बिजलीघर पहुंचे। वहां उन्होंने प्रदर्शन कर एसडीओ डीपी सिंह का घेराव कर अविलंब बिजली आपूर्ति में सुधार कराने की मांग की। एसडीओ ने जल्द ही समस्या के निदान का आश्वासन दिया। इस दौरान देवेंद्र सिरोही, अश्वनी प्रभाकर, विरेंद्र धामा, मयंक सिंघल, राजेंद्र कुमार, अनुज धामा, चेतन चंदेला आदि मौजूद रहे।