रोकटोक की हिम्मत नहीं जुटा सके गेट पर तैनात कर्मचारी
बाद में कराया गया बाहर, फिर डाला डीएम-एसपी ने डेरा
पीलीभीत। मतगणना के दौरान सांसद, विधायक, वीआईपी को मतगणना स्थल पर प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा। इसका सख्ती से पालन कराने के लिए डीएम शीतल वर्मा ने एक दिन पहले पुलिस लाइन में हुई ब्रीफिंग के दौरान पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक कर्मचारियों को निर्देश दिया था। डीएम के निर्देश पर मातहतों ने भी खुलकर सख्ती से पालन कराने की हामी भी भरी थी, लेकिन शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे यह सब दिशानिर्देश ढाक के तीन पात नजर आए। ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज मतगणना केंद्र पर सख्त सुरक्षा बंदोबस्त के बीच शहर विधायक संजय सिंह गंगवार परिसर में दाखिल हो गए।
यही नहीं टनकपुर हाईवे स्थित गेट से इंट्री करने के बाद वह मतगणना केंद्र्र के उस हिस्से में भी चले गए, जहां पर वोटों की गिनती कराई जा रही थी। खास बात रही कि आमजन से सख्ती कर सुरक्षा का हवाला देने वाला मौके पर मौजूद पुलिस बल और प्रशासनिक अमला विधायक को देखकर भी नजर अंदाज करता दिखाई दिया। कोई भी उनको रोकने की हिम्मत नहीं जुटा सका। बाद में अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल, एलआईयू सीओ सर्वेंद्र सिंह, एसएचओ हरगोविंद सिंह पुलिस बल के साथ गए और विधायक संजय गंगवार से बातचीत कर आचार संहिता का हवाला देते हुए उनको जाने के लिए कहा गया। जिस पर विधायक दूसरे गेट से निकल गए। इसकी जानकारी मिलने के बाद डीएम शीतल वर्मा ने मतगणना स्थल पर डेरा जमा लिया। एक पेड़ के नीचे कुर्सी डालकर काफी देर बैठी रहीं। एसपी कलानिधि नैथानी भी आ गए और वोटों की गिनती समाप्त होने तक वहीं पर जमें रहे।
----