पीलीभीत। शहर के एक मात्र वित्तपोषित उपाधि महाविद्यालय और रामलुभाई साहनी राजकीय महिला महाविद्यालय में शिक्षण कार्य 15 जुलाई से शुरू हो जाएगा। दोनों महाविद्यालयों में शिक्षण कार्य को लेकर लगभग तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उपाधि महाविद्यालय में स्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया एक जुलाई से शुरू की गई थी। जिसके तहत अब तक बीए की 640 सीटों के सापेक्ष 516 एडमिशन, बीकॉम में 160 के सापेक्ष 77, बीएससी बायो में 160 के सापेक्ष 122, बीएससी मैथ में 160 के सापेक्ष 75, एमए इकनोमिक्स में 80 के सापेक्ष 20, एमए एजूकेशन में 60 के सापेक्ष 50, एमए इंग्लिश में 60 के सापेक्ष 24, एमए हिंदी में 80 के सापेक्ष 40, एमए राजनीति शास्त्र में 80 के सापेक्ष 20, एमए समाजशास्त्र में 60 के सापेक्ष 46 और एमकॉम में 80 के सापेक्ष अब तक 49 दाखिले हो चुके है। कुल मिलाकर स्नातक और परास्नातक की 1620 सीटों के सापेक्ष 1039 सीटों पर दाखिले हुए, जबकि 581 सीटें खाली रह गई। प्राचार्य डॉ. सतेंद्र नारायण ने बताया कि महाविद्यालयों में शिक्षण कार्य सोमवार से शुरू करा दिया जाएगा। इधर रामलुभाई साहनी राजकीय महिला महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया अंतिम दौर में है। यहां बीएससी बायो की 80 सीटों के सापेक्ष 66, बीएससी मैथ में 80 के सापेक्ष 28 और बीकॅाम में 80 के सापेक्ष 26 दाखिले हुए। स्नातक कक्षाओं की 240 सीटों के सापेक्ष 120 दाखिले हुए। यहां 120 सीटें रिक्त रह गईं। प्राचार्य डॉ. नरेशपाल ने बताया कि महाविद्यालय में शिक्षण कार्य 15 जुलाई से शुरू हो जाएगा।
महाविद्यालय में 15 तक होंगे प्रवेश
बीसलपुर। राजकीय महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में है। प्रवेश 15 जुलाई तक किए जाएंगे।
राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि बीए प्रथम वर्ष में 616 के विपरीत अब तक 505 तो बीएससी प्रथम वर्ष में 176 के विपरीत 148 प्रवेश हो चुके हैं। प्रवेश 15 जुलाई तक होंगे। इसके बाद कोई प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ब्यूरो