फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगर पालिका के प्रयास ही बेदम तो कैसे आए स्वच्छता अभियान में दम

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। शहर की समस्याओं के आगे नगर पालिका परिषद प्रशासन बेदम नजर आ रहा है। शनिवार सुबह हुई चंद मिनट की बारिश ने ही स्वच्छता अभियान की पोल खोल कर रख दी। नाले चोक होने से कहीं जलभराव हुआ तो कहीं बारिश के चलते सिल्ट सड़क पर फैल गई। इससे शहरवासियों को आवागमन में खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

देश में स्वच्छ भारत अभियान भले ही वर्ष 2014 से शुरू हुआ हो, लेकिन नगर पालिका पांच साल बीतने के बाद भी शहर का साफ सुथरा रखने में कोसों दूर नजर आ रही है । शनिवार को भी शहर का हाल बेहाल दिखा। शनिवार सुबह करीब नौ बजे मूसलाधार बारिश हुई। महज 15 मिनट की बारिश ने शहर के हालात बद से बदतर कर डाले। बारिश से शहर के हाल ही में साफ हुए नाले भी उफना गए। जिसके चलते शहर की अशोक कॉलोनी, एकता नगर कॉलोनी, बल्लभनगर कॉलोनी, शारदा कॉलोनी के अलावा मोहल्ला शेरमोहम्मद, सुनगढ़ी, मोहम्मद वासिल, शेरों वाली मठिया, फीलखाना, पंजाबियान, राजीव कॉलोनी में जलभराव हो गया। वहीं निचले स्थानों पर बसे मोहल्लों में भी भारी जलभराव हो गया।

पालिका गेट पर डेढ़ फुट भरा पानी
शहर को साफ सुथरा रखने वाली नगर पालिका के गेट पर करीब डेढ़ फुट पानी भर गया। हालांकि ये पानी पिछले करीब पखवाड़ा भर से भरा हुआ है, लेकिन शनिवार सुबह हुई बारिश से और भी पानी भर गया। हालांकि पालिका प्रशासन ने लोगों आने जाने के लिए दूसरा गेट खोल दिया।
विज्ञापन


नाले चोक होने से भरता है पानी
शहर के अग्रवाल सभा भवन के समीप तिराहे पर भारी जलभराव हो गया। सड़क के दोनों ओर के नाले उफना गए। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि नाला चोक होने की वजह से पानी भरा हुआ है। अधिक बारिश होने पर तो पानी दुकानों तक आ जाता है।

बारिश से सड़कों पर फैली सिल्ट
शहर में पालिका प्रशासन नाला सफाई का कार्य करा रहा है। सफाई कर्मियों द्वारा नाले की निकाली गई सिल्ट को सड़क किनारे डाल दिया जाता है, लेकिन शनिवार को हुई बारिश के बाद यही सिल्ट सड़कों पर फैल गई। जिससे लोगों को आवागमन में खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा।

यहां तो बिन बरसात ही निकलना दूभर
शहर के युवक संघ पुस्तकालय के समीप पालिका का अस्थायी कचराघर है। सफाई कर्मियों द्वारा मोहल्लों का कूड़ा निकालकर इसी स्थान पर डाला जाता है। शनिवार को यहां की स्थिति भी बद से बदतर मिली। इस मार्ग से आने जाने वाले लोग पालिका को कोसते नजर आए।

जलभराव से परेशान किशनी के लोगों ने किया प्रदर्शन
चुर्रासकतपुर। गांव किशनी के लोगों ने जलभराव के विरोध में शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय के पास नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीण शुक्रवार दोपहर प्राथमिक विद्यालय के पास जमा हुए और पंचायत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे। उनका कहना था कि पंचायत विभाग के अधिकारियों की अनदेखी के चलते गांव की अधिकांश गलियों में पानी भरा है। लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। सबसे ज्यादा दिक्कत महिलाओं और बच्चों को हो रही है। प्रदर्शन करने वालों में सुशीला देवी, रामप्यारी, शांति देवी, मछला देवी, जयश्री, जगदेव, अजयपाल, शिवचरनलाल, रामदास, खेमकरन, रामबहादुर, छोटेलाल, पूरनलाल, जगदीश और तेजपाल आदि शामिल थे। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें