28 पीबीटीपी 27 से 30 तक
मरीज की मौत के बाद हंगामा, गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप
पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखने के बाद पुलिस करेगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर। नगर के मोहल्ला हबीबुल्ला खां जनूबी के एक क्लीनिक पर शुक्रवार शाम उपचार के दौरान मरीज की मौत को लेकर जमकर हंगामा हुआ। परिवारवालों ने डाक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के भाई ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दुबे निवासी सेवाराम लोधी ने बताया कि उनके छोटे भाई 49 वर्षीय शिवदयाल के पेट में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे तेज दर्द उठा। इस पर उनको परिवार वालों ने मोहल्ला हबीबुल्ला खां जनूबी स्थित एक क्लीनिक में भर्ती करा दिया। डाक्टर पहले तो दवा देकर मरीज को ठीक करने का प्रयास करते रहे, लेकिन हालत में सुधार न होने पर दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक इंजेक्शन लगाया। जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई। इसके बाद उसको सीएचसी ले जाने को कह दिया गया। जहां चिकित्सकों ने शिवदयाल को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार वाले भड़क गए। आरोप है कि डाक्टर ने परिवारीजनों को मौत की सूचना भी नहीं दी और सीएचसी ले जाने का सुझाव देकर टरकाया जाता रहा। यही नहीं निजी अस्पताल के डाक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का भी आरोप लगाया। काफी लोग जमा हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। इसकी सूचना पर कोतवाल माधो सिंह विष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। इस बीच विधायक रामसरन वर्मा ने मौके पर आकर परिवारीजनों से को समझाया। मामले की सेवाराम ने कोतवाली पुलिस को आरोपी डाक्टर के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद से परिवार में चीख पुकार मची हुई है। पत्नी शकुंतला का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल माधो सिंह विष्ट ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।