देश के साथ विदेशों में भी जगा रहे जैविक खेती की अलख
15 पीबीटीपी 29
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। जैविक खेती कर बेहतर प्रदर्शन करने वाले पीलीभीत के किसान मंजीत सिंह को यूपी प्रगतिशील किसान अवार्ड से सम्मानित किया गया है। देश के साथ विदेशों भी जैविक खेती की अलख जगाने वाले मंजीत सिंह को बुधवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
मझोला क्षेत्र के बेला पुखरा निवासी किसान मंजीत सिंह संधू की गिनती जिले के उन्नतिशील किसानों में होती ह। वैज्ञानिक ढंग से खेती करने में उनको पहले भी कई बार सम्मानित किया जा चुका है। वह अपनी जमीन पर जैविक खेती अपनाने के साथ नए नए प्रयोग करते औरों को भी प्रेरणा देते हैं। खेती में उनकी जानकारी और लगन का नतीजा हैै कि वह देश प्रदेश की नहीं विदेशों में आयोजित कार्यशालों में प्रतिभाग कर चुके हैं। कृषि में उनके द्वारा की जा रही जैविक खेती को देखते हुए उन्हें यूपी प्रतिशील किसान अवार्ड से सम्मानित किया गया है। भारतीय कृषि एवं खाद्य परिषद की ओर से बुधवार को भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही एवं दुग्ध विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने उन्हें सम्मानित किया। मंजीत सिंह की इस उपलब्धि पर उनके मित्रों, शुभचिंतकों व किसानों ने उन्हें बधाई दी है।