इंदिरा आवास योजना में लापरवाही बरतने पर सीडीओ ने 15 ग्राम पंचायत और विकास अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टी देकर जवाब मांगा है। इस मामले में चार दिन पूर्व अमरिया के बीडीओ सहित तीन को प्रतिकूल प्रविष्टी दी जा चुकी है।
इंदिरा आवास के लिए जिले में 5774 लाभार्थियों का चयन किया गया है। चयनित लाभार्थियों के खाते में धनराशि भेजने के लिए ग्राम पंचायत/ विकास अधिकारियों के माध्यम से बैंक खाता नंबर मांगे गए थे। लेकिन ग्राम पंचायतों से जिला स्तर पर पहुुंचने वाली लाभार्थियों के खाता नंबर की सूची में कई खाते गलत कर दिए गए। इसकी जानकारी तब हुई जब लाभार्थियों ने खाते में पैसे नहीं पहुंचने की शिकायत की।
जांच की गई तो इनमें अधिकांश लाभार्थी ऐसे थे जिनकी पहली किश्त खाते में पहुंच चुकी थी और दूसरी किश्त मिलने पर खाता नंबर गलत कर दिया गया। जांच करने पर लाभार्थियों की शिकायत सही पाई गई। इस पर सीडीओ इंद्रदेव द्विवेदी ने गलत खाता नंबर देने वाले 15 ग्राम पंचायत, ग्राम विकास अधिकारी और एक सहायक लेखाकार को प्रतिकूल प्रविष्टी दी है।
इसमें सर्वाधिक पूरनपुर के 11 ग्राम पंचायत और विकास अधिकारी हैं। दो-दो ग्राम पंचायत व विकास अधिकारी क्रमश: मरौरी व ललौरीखेड़ा के हैं। सीडीओ ने बताया कि जांच में जिन ग्राम पंचायतों के खाते गलत मिले हैं उन सभी के ग्राम पंचायत/विकास अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टी देकर जवाब मांगा गया है।
इन्हें मिली प्रतिकूल प्रविष्टी
पूरनपुर के वीरपाल सिंह, विकास पांडेय, विवेक शर्मा, मनोरंजन सिंह, विवेक वर्मा, हरीश भारती, नुरूद्दीन, अखिलेश गुप्ता, अनिल कुमार, लालबहादुर मौर्य, वीरपाल, अमरिया पुष्कर राना व अजय कुमार देव और ललौरीखेड़ा के राजा तोमर व मोहम्मद रिजवान। इसके अलावा पूरनपुर के सहायक लेखाकार हरीशंकर अग्रवाल को प्रतिकूल प्रविष्टी दी गई है।