पूरनपुर। सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और समूह से रुपये निकलवाने का झांसा देकर एक दंपती ने 19 महिलाओं से 1.27 लाख से अधिक की राशि ठग ली। राशि वापस मांगने पर दंपती ने महिलाओं को जान से मारने की धमकी दी। गाली-गलौज की और भगा दिया।
बुधवार को कोतवाली पहुंची महिलाओं ने बताया कि गांव शेरपुर कलां निवासी एक दंपती ने दो साल पहले उन लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, समूहों से रुपये दिलाने का झांसा देकर आधार कार्ड और अन्य अभिलेख ले लिए। किसी से 10 हजार तो किसी से पांच हजार लिए गए।
दो साल बाद भी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने पर धनराशि वापस मांगी तो दंपती ने टाल-मटोल शुरू कर दी। बाद में राशि मांगने पर जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। महिलाओं ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।
पत्र पर शेरपुरकलां की नईम बी, इजरा, शहनाज, महरून बेगम, महबरी बेगम, नजमा, सना बेगम, असगरी, आमना बेगम, अफसाना, रवीना, खुशनुमा, मुन्नी, इनामुद्दीन, अफसाना, अजमा, शबाना, रजिया, खातून के हस्ताक्षर व अंगूठे के निशान हैं।