पीलीभीत। कलीनगर तहसील के गांव शिवनगर की कई महिलाओं ने शनिवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। इसमें प्रधानमंत्री आवास के लिए गांव में निजी लोगों से सर्वे कराए जाने और पात्रों से दो-दो हजार रुपये वसूले जाने की शिकायत की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि गांव में प्रधानमंत्री आवासों के लिए प्रधान और सचिव प्राइवेट लोगों से सर्वे करा रहे हैं। सर्वे में बड़ी संख्या में पात्रों को छोड़ दिया गया है। अब योजना में शामिल करने के लिए उनसे दो-दो हजार रुपये वसूले जा रहे हैं। महिलाओं ने कहा कि इससे पहले भी ऑनलाइन शिकायत की गई थी लेकिन बिना शिकायतकर्ताओं को सूचित किए ही उसका निस्तारण कर दिया गया। डीएम ने एसडीएम कलीनगर को मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। ज्ञापन पर नन्ही देवी, कन्या कुमारी, सोनी देवी, राजकुमारी, मंजू और बुद्धो आदि के अंगूठे लगे हैं।